जयपुर

हिस्ट्रीशीटर मर्डर केस में बड़ा खुलासा, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बनाई 7007 गैंग; अनीश ही निकला मास्टरमाइंड

Vijay Bajiya Murder Case: हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी मर्डर केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब सात साल पुरानी आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 7007 नाम से गैंग बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 2:44 PM IST
Vijay Bajiya Murder Case
पुलिस की गिरफ्त में चारों आरोपी व इनसेट में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी। फोटो: पत्रिका

जयपुर। जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि करीब सात साल पुरानी आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 7007 नाम से गैंग बनाई और प्लानिंग बनाकर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले कैंपर गाड़ी से विजय की कार को टक्कर मारकर रोका और फिर उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें दबोच लिया। साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली है।

जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड मुख्य आरोपी अनीश ही है। अनीश ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए विजय बाजिया की हत्या की साजिश रची थी। करीब सात साल पुरानी रंजिश को लेकर रची गई इस साजिश में अन्य बदमाश भी शामिल थे। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने अनीश गोल्या उर्फ जग्गू, कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू, युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी निवासी जोबनेर को गिरफ्तार किया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल गाड़ी भी जब्त कर ली है।

वारदात में काम में ली गई गाड़ी। फोटो: पत्रिका

पिता की मौत का बदला लेने के लिए बेटा बना कातिल

विजय पर वर्ष 2019 में तिबारियां निवासी कैलाश की हत्या में शामिल होने का आरोप था। इस मामले में वह जेल भी गया था। इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बेटे अनीश ने ही 7007 गैंग द्वारा वारदात को अंजाम देने की साजिश रची। फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ में जुटी हुई है।

वारदात वा​ले दिन भी हुई थी बहस

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात वाले दिन भी विजय और अनीश के बीच बहस हुई थी। इसके बाद अनीश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर विजय को सबक सिखाने के लिए पहले कुल्हाड़ी खरीदी। विजय जब अपनी कार से कालवाड़ रोड की तरफ जा रहा था तो कैम्पर सवार बदमाश उसका पीछा किया। विजय ने बचने के लिए रावण गेट की तरफ कार दौड़ाई, लेकिन बदमाशों ने कैम्पर से उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

गाड़ी के क्षतिग्रस्त होने पर विजय कार से उतरकर भागा तो हमलावरों ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे घेर लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर घायल विजय को कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या के मामले भी शामिल थे।

Updated on:
12 Nov 2026, 2:44 PM IST
Published on: