
जयपुर। जोबनेर के हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की बुधवार को हुई हत्या के मामले में पुलिस पूछताछ में अहम खुलासे हुए हैं। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि मुख्य आरोपी अनीश और मृतक विजय के परिवारों के खेत आसपास ही हैं। अनीश का परिवार जब भी विजय के खेत के रास्ते अपने खेत जाता था, तो विजय उन्हें रोककर अनीश के पिता कैलाश की हत्या का ताना देता था। आरोप है कि विजय धमकी देते हुए कहता था कि ‘तेरे पिता को तो मार दिया, अब तेरा भी नंबर आएगा।’ इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच गहरी रंजिश चल रही थी।
करीब तीन महीने पहले भी इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। तब जोबनेर थाने में एफआइआर दर्ज हुई, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया। आरोप है कि इसके बावजूद विजय का रवैया नहीं बदला। राजीनामे के दौरान भी उसने अनीश पक्ष को ताना मारते हुए कहा था कि एफआइआर दर्ज करवाकर क्या कर लिया।
हत्या की साजिश में शामिल युवराज और दिनेश पहले से विजय को नहीं पहचानते थे। ऐसे में युवराज ने सोशल मीडिया पर विजय और उसकी गाड़ी की तस्वीरें खंगालीं। उसने दीपावली के दौरान लगाए गए एक स्टेटस से विजय की गाड़ी की फोटो हासिल की। गाड़ी के नंबर को लेकर '305' या '205' होने का असमंजस था, जिसकी पुष्टि करने के बाद आरोपियों ने विजय की तलाश शुरू कर दी।
आरोपी रावण गेट और शेखावत मार्ग पर घूमते हुए विजय के बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। विजय के शराब के ठेके पर पहुंचते ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम दे दिया। हत्या के बाद आरोपी शेखावत मार्ग और मार्बल चौराहे से होते हुए खिरनी फाटक की तरफ भागे। वहां से उन्होंने रिंग रोड की ओर निकलने का प्रयास किया, लेकिन रास्ता नहीं मिला। इसके बाद शहर से बाहर निकलने के लिए आरोपियों ने मोबाइल चालू कर गूगल मैप का इस्तेमाल किया।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही उनके ठिकानों पर भी दबिश दी। अनीश गोल्या के घर से एक ट्रैक्टर और डीआइ जीप बरामद हुई, जबकि कमलेश गोलिया के घर से दो ट्रैक्टर और एक कार जब्त की गई है। पुलिस ने दिनेश और युवराज के घरों की भी तलाशी ली, हालांकि युवराज के घर पर कोई नहीं मिला। पुलिस अब जब्त किए गए वाहनों की वारदात में भूमिका की जांच कर रही है।
12 नवंबर 2019: अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या हुई। उस समय अनीश महज 15 साल का था।
बुधवार सुबह 11 बजे: तिबारिया गांव में विजय और अनीश का आमना-सामना हुआ। विजय के कथित तानों से अनीश आक्रोशित हो गया।
बुधवार दोपहर 2 बजे: चारों आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। बाजार से तीन कुल्हाड़ियां खरीदीं और किराए पर एक कैम्पर गाड़ी ली।
बुधवार शाम: सोशल मीडिया से विजय की गाड़ी की पहचान की। पीछा कर रास्ता रोका और कुल्हाड़ियों से ताबड़तोड़ हमला किया।
बुधवार शाम 7:45 बजे: गंभीर रूप से घायल विजय की हत्या।
बुधवार रात 1:30 बजे: पुलिस ने करधनी थाने के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।