
जयपुर। प्रदेश में रिक्त हुई राज्यसभा की 4 सीटों के लिए मैदान में जमे 5 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज शाम हो जाएगा। मतदान के बाद चुनाव परिणाम भी बता देंगे कि आखिर किस पार्टी के दावों में कितना दम है। साथ ही यह भी साफ हो जाएगा जिन विधायकों के बाड़ेबंदी में रखकर अपने अपने समर्थन का दावा किया जा रहा था क्या उन विधायकों ने अपने निष्ठा निभाई या नहीं।
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान आज सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। 5 बजे मतगणना होगी और उसके भाग परिणाम जारी कर दिया जाएगा। मतदान से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही अपने विधायकों को बाड़ेबंदी में रखा था और देर रात ही मॉक पोल की ट्रेनिंग के दौरान भी यह तय कर लिया था कि कौनसा विधायक किस प्रत्याशी को वोट करेगा।
दिखाकर वोट डालेंगे राजनीतिक दलों के प्रत्याशी
इधर आज राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी अपने-अपने पोलिंग एजेंट को दिखाकर वोट डालेंगे। मतदान के दौरान कांग्रेस विधायक अपना वोट मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को दिखाकर डालेंगे तो वहीं बीजेपी के विधायक प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष सतीश पूनिया और उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ को दिखाकर वोट करेंगे।
बीटीपी और माकपा विधायकों के रूप पर रहेगी नजर
वहीं आज राज्यसभा चुनाव में बीटीपी और माकपा विधायकों के रुख पर नजर रहेगी। हालांकि बीटीवी विधायकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात करके अपना समर्थन दे दिया था लेकिन पार्टी की ओर से व्हिप जारी होने के बाद दोनों विधायकों को मतदान से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं माकपा ने भी अपने दोनों विधायकों को मतदान से दूर रहने के निर्देश दिए हैं। हालांकि कल शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने माकपा विधायक बलराम पूनिया की कुशलक्षेम जानने अस्पताल पहुंचे थे। अब देखने वाली बात यह होगी कि बीटीपी और माकपा विधायक कांग्रेस पार्टी को वोट देते हैं या फिर चुनाव से दूर रहते हैं।
निर्दलीय प्रत्याशी किसी को भी नहीं दिखाएंगे वोट
इधर 13निर्दलीय प्रत्याशियों की राज्यसभा चुनाव में बड़ी भूमिका रहेगी। हालांकि सभी 13 विधायक कांग्रेस खेमे में पहुंच चुके हैं लेकिन उन पर व्हिप लागू नहीं होगा। ऐसे में वो अपना वोट किसी को भी नहीं दिखाएंगे और गुप्त मतदान करेंगे, लेकिन अगर उन्होंने किसी को भी अपना वोट दिखाया तो उनका वोट खारिज हो सकता है।
कांग्रेस बीजेपी के अपने-अपने दावे
राज्यसभा चुनाव में 13निर्दलीय विधायकों और बीटीपी विधायकों के समर्थन के आधार पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राज्यसभा चुनाव में 3 सीटों पर जीत के दावे कर रहे हैं। सीएम गहलोत का कहना है कि तीनों सीटों पर जीत के लिए जरूरी जादुई आंकड़ा उनके पास है।
वहीं बीजेपी और समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष चंद्रा ने कांग्रेस खेमे में सेंधमारी का दावा किया है। हालांकि इन दावों में कितनी सच्चाई है वो आज शाम 5 बजे मतगणना के बाद पता चल जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले 1 सप्ताह से ज्यादा समय से कांग्रेस ने जहां उदयपुर में अपने विधायकों की बाडेबंदी कर रखी थी और कल शाम ही कांग्रेस विधायक उदयपुर से जयपुर लौटे थे तो वहीं बीजेपी ने जयपुर में ही अपने विधायकों की बाड़ेबंदी की हुई थी।