जयपुर

व्यंजन द्वादशी पर भगवान को लगा सकरी और अनसकरी व्यंजनों का भोग, अब बदलेगा भोगराग व पहनावा

Vyanjan Dwadashi 2023: मार्गशीर्ष शुक्ल द्वादशीयुक्त त्रयोदशी पर आज व्यंजन द्वादशी मनाई जा रही है। ठाकुरजी को कच्चे-पक्के शारदीय व्यंजनों के भोग लगाया जा रहा है। मंदिरों में छप्पन भोग झांकी के दर्शन हो रहे है।
2 min read
Dec 24, 2023
व्यंजन द्वादशी पर भगवान को लगा सकरी और अनसकरी व्यंजनों का भोग, अब बदलेगा भोगराग व पहनावा
व्यंजन द्वादशी पर भगवान को लगा सकरी और अनसकरी व्यंजनों का भोग, अब बदलेगा भोगराग व पहनावा

जयपुर। मार्गशीर्ष शुक्ल द्वादशीयुक्त त्रयोदशी पर आज व्यंजन द्वादशी मनाई जा रही है। ठाकुरजी को कच्चे-पक्के शारदीय व्यंजनों के भोग लगाया जा रहा है। मंदिरों में छप्पन भोग झांकी के दर्शन हो रहे है। इसके साथ ही आज से ठाकुरजी को नवीन गर्म पोशाक धारण कराई गई। मंदिरों में ठाकुर के खानपान व पहनावे भी बदलाव हुआ। अब मंदिरों में गर्भगृह में हीटर और अंगीठी लगाना शुरू हो गया है। वहीं ठाकुरजी को गर्म पोशाक में मफलर, जुराब और दस्ताने धारण करवाए जा रहे है।

मुख्य आयोजन गोविंददेवजी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में व्यंजन द्वादशी उत्सव का आयोजन हो रहा है। ठाकुरजी को पीली केसरिया द्वादशी व अंगरखी पोशाक धारण करवाई गई। इसके साथ ही विशेष अलंकार धारण करवाए गए है। दोपहर 12 से 12.30 बजे तक विशेष झांकी के दर्शन होंगे। ठाकुरजी के समक्ष पारंपरिक चांदी की थाली और कटोरी में कच्चा भोग, दाल और खीर का भोग भी लगाया जा रहा है। मंदिर प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि ठाकुरजी को शयन के समय गुलीबंद और रजाई ओढ़ाना शुरू किया जाएगा।

सकरी और अनसकरी भोग
सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित सरस निकुंज में पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण के सान्निध्य में ठाकुरजी को ठाकुरजी को नवीन पोशाक धारण कराई गई। व्यंजन द्वादशी पर आज ठाकुरजी को सकरी और अनसकरी भोग लगाया जा रहा है। मुख्य रूप से राजभोग झांकी में बाजरे के खीचड़े के साथ मूंग, चवला, मीठे-नमकीन चावल, कढ़ी, गट्टे की सब्जी, नमकीन, छेने के मावे की मिठाइयों का भोग लगाकर मनुहार की जा रही है। इस मौके पर पदगायन किया जा रहा है।

यहां भी आयोजन
पुरानी बस्ती स्थित राधा गोपीनाथजी मंदिर, चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदरजी, रामगंज बाजार स्थित लाड़लीजी सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धा के साथ व्यंजन द्वादशी मनाई जा रही है।

यहां एक दिन पहले ही छप्पन भोग
देवस्थान विभाग के मंदिरों में एक दिन पहले ही शनिवार को व्यंजन द्वादशी का आयोजन हुआ। मंदिरों में ठाकुरजी का विशेष शृंगार कर छप्पन भोग लगाया गया। चांदनी चौक स्थित मंदिरश्री बृजनिधिजी और मंदिरश्री आनंद कृष्ण बिहारीजी में छप्पन भोग झांकी सजाई गई। भक्तों ने प्रसादी पाई।

Published on:
24 Dec 2023 11:04 am