जयपुर

Weather Alert 22 March: देर रात बाड़मेर में गिरे ओले, अब आगामी 3 घंटे में इन 5 जिलों में होगी बारिश

देर रात बदलेगा मौसम: इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट। IMD की चेतावनी: राजस्थान के पांच जिलों में आज रात मेघगर्जन के साथ बारिश। येलो अलर्ट जारी: देर रात इन इलाकों में बारिश और 30 kmph तक तेज हवा की संभावना।
3 min read
Mar 22, 2026
Feature image

Rajasthan weather: जयपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र ने रविवार रात के लिए तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। रात 10 बजे अलर्ट के अनुसार आगामी तीन घंटे में बाडमेर,जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर,पाली व नागौर जिलों में देर रात मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। अचानक मौसम परिवर्तन के चलते आमजन को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें।

विशेष रूप से किसानों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

बाडमेर में देर रात गिरे ओले

समदड़ी (बालोतरा)। क्षेत्र में रविवार रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। करीब 8:30 बजे शुरू हुई इस बेमौसम बारिश ने कुछ ही मिनटों में सड़कों और खेतों को सफेद चादर से ढक दिया। ओलों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि जनजीवन प्रभावित हो गया और कई स्थानों पर आवागमन बाधित रहा।

इस अचानक हुई ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। विशेष रूप से जीरा और गेहूं की फसलों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई खेतों में खड़ी फसल झुक गई या टूट गई। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो रहा है, जिससे आने वाले कुछ घंटों में इन क्षेत्रों में मौसम सक्रिय बना रह सकता है।

रात दस बजे का अलर्ट

————————————————————
राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम: 25-26 मार्च को बारिश के आसार

जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदल रहा है और बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा। हाल ही में हुई बारिश के बाद अब 25 और 26 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में एक बार फिर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

वर्तमान में मध्य क्षोभमंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिससे बादल बनने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

रविवार को जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के मुताबिक 25 मार्च को पश्चिमी राजस्थान और 26 मार्च को पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। फिलहाल राहत की बात यह है कि अगले एक सप्ताह तक हीटवेव की कोई संभावना नहीं है, लेकिन बदलते मौसम के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Updated on:
22 Mar 2026 11:14 pm
Published on:
22 Mar 2026 09:14 pm