22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IMD Forecast: राजस्थान में नहीं थमा अभी बारिश का दौर, 25 व 26 मार्च को इन जिलों में फिर बदलेगा मौसम

Weather News: राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, 25-26 मार्च को फिर बारिश के आसार। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से प्रदेश में बढ़ी हलचल, कई जिलों में बरसात की संभावना। तापमान में गिरावट के बीच मेघगर्जन और बूंदाबांदी का दौर जारी।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Mar 22, 2026

Heavy Rain Alert issued by IMD

Heavy Rain Alert issued by IMD

Rain Alert Rajasthan: जयपुर. राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। हाल ही में हुई हल्की से मध्यम बारिश के बाद अब एक बार फिर 25 और 26 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

वर्तमान में मध्य क्षोभमंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी प्रभावी है, जो मौसम प्रणाली को और मजबूत बना रही है। इन सभी कारणों से प्रदेश में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का दौर जारी है।

रविवार को जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि बाकी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 2 से 4 डिग्री कम है। पाली में सबसे अधिक तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 25 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 26 मार्च को पूर्वी राजस्थान के क्षेत्रों में भी बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे आगे भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

हालांकि राहत की बात यह है कि प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक हीटवेव चलने की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

राजस्थान मौसम अपडेट (पिछले 24 घंटे)

पिछले 24 घंटों में राजस्थान के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि जयपुर संभाग में भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। शेष संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। तापमान की बात करें तो पाली में अधिकतम तापमान 32.9°C और अलवर में न्यूनतम तापमान 13.0°C दर्ज किया गया। सुबह 8:30 बजे तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आर्द्रता 44% से 100% के बीच रही। वर्षा के आंकड़ों में रतनगढ़ (चूरू) में 16 मिमी, जैसलमेर में 13.1 मिमी और सीकर में 10-11 मिमी बारिश दर्ज की गई।