
बादलों के आगोश में छिपता-निकलता सूरज, कभी तेज धूप तो कभी सर्दी की ठिठुरन, कभी बसंती बयार तो कभी शीत लहर। मौसम इन दिनों कुछ इसी तरह के रंग दिखा रहा है।
शहर व आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को मौसम के मिजाज बदले बदले नजर आए। सुबह बादल छाए रहे तो दोपहर को धूप निकल गई और रात में हल्की बंूदाबांदी भी हुई।
मौसम के कई रंग देखकर एेसा प्रतीत हो रहा रहा है मानो वह खुद 'वायरलÓ की चपेट में आ गया है और उसका सिस्टम भी थोड़ा ढीला हो गया है। वैसे, एेसे मौसम में जरा सी लापरवाही बीमारी को बुलावा दे सकती है।
बदले मौसम में घर-घर में सर्दी-जुकाम, बुखार का प्रकोप नजर आने लगा है। खासतौर से बदन दर्द ने लोगों को परेशान करके रख दिया है।
उतार-चढ़ाव
बार-बार पलटते मौसम से तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो एक दिन में ही दिन के पारे में 3.8 डिग्री से. की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान जहां 24.8 डिग्री से. दर्ज किया गया था, वह बुधवार को बढ़कर 27 डिग्री से. हो गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मोयले भी कर रहे परेशान
तापमान में आए उतार चढ़ाव के कारण मोयले भी दिन भर कहर ढाते रहे। मोयले दुपहिया वाहन चालकों को परेशान करते रहे वहीं राहगीरों का पैदल चलना तक मुहाल हो गया। मोयलों ने कभी मुंह में तो आंख में घुस कर लोगों को परेशान तो किया अनेक को चिकित्सालय तक भी पहुंचा। दिन भर लोग आंखों में घुसे मोयले निकालते नजर आए। पीले वस्त्र पहनने वालों को तो खासा परेशान होना पड़ा।