Weather Update 11 May : मौसम विभाग ने आज 11 मई को राजस्थान के 9 जिलों के लिए बारिश, मेघगर्जन और तूफानी हवा का येलो अलर्ट जारी किया है। जानें किन जिलों में हल्के से माध्यम बारिश की संभावना है।
Weather Update 11 May : मौसम विभाग ने आज 11 मई को राजस्थान के 9 जिलों के लिए बारिश, मेघगर्जन और तूफानी हवा का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार इन जिलों में तीन घंटे में हल्के से माध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार चूरू, झुंझुनू, कोटपूतली, बहरोड, खैरथल तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर और धौलपुर में हल्के से माध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही मेघगर्जन और 30-40 KMPH गति से तूफानी हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में रविवार को राजस्थान के सभी जिलों में आसमान साफ रहा और सुबह से शाम तक धूप रही। बाड़मेर में सीजन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर के अलावा जैसलमेर में अधिकतम तापमान 46.3, फलोदी में 46 डिग्री, जोधपुर में 44.6, बीकानेर में 44.4 और श्रीगंगानगर में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन सभी एरिया में दिनभर लू चली।
मौसम केन्द्र के अनुसार सोमवार को बांसवाड़ा, अलवर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, टोंक, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलोदी और श्रीगंगानगर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केन्द्र के अनुसार 11 मई से नए पश्चिमी विक्षोभ का दौर शुरू होगा। इसके असर से बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
अधिकतम तापमान
बाड़मेर : 46.6
जैसलमेर : 46.3
फलोदी : 46
जोधपुर : 44.6
बीकानेर : 44.4
श्रीगंगानगर : 43
चित्तौड़गढ़ : 43
न्यूनतम तापमान
फलोदी : 33.4
चित्तौड़गढ़ : 30.6
बीकानेर : 30.2
संगरिया : 29.9
बाड़मेर : 29.5
जालोर : 28.3
जैसलमेर : 28
तापमान डिग्री सेल्सियस में।
जयपुर में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। गर्मी का असर शुरू हो गया है। दिन और रात के तापमान में अब बढ़ोतरी होगी। जयपुर के मौसम का आज सुबह 11 बजे तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार 12 मई को जयपुर जिले के आस-पास के एरिया में तेज आंधी चलने, बादल और कहीं-कहीं छुटपुट बारिश होने की संभावना है। मौसम केन्द्र के अनुसार आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया राजस्थान में 11 मई से एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके असर से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के एरिया में तेज आंधी चलने के साथ कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग और दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर संभाग के एरिया में गर्मी का प्रभाव रहेगा। इन संभागों के जिलों में हीटवेव चलेगी। आगामी 3 दिन के लिए कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।