
Rajasthan weather update : राजस्थान में शरद पूर्णिमा को चौमासे के आखिरी दिन तक बरसात जोरो पर रही। दो दिन से चल रहा बारिश ( Heavy Rain In Rajasthan ) का दौर रविवार को भी जारी रहा। भरतपुर, उदयपुर, कोटा, अलवर, सवाईमाधोपुर कई जिलों में भारी बारिश हुई। नदी-नाले लबालब हो गए। एक बार फिर से बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। भरतपुर में लगातार 48 घंटे बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में यहां 227 मिमी बारिश हुई। कई जगह विद्युत निगम के जीएसएस में भी पानी भर गया है। घना जीएसएस में पानी भरने से गांवों में 20-20 घंटे तक की कटौती हो रही है। वहीं सवाईमाधोपुर में 48 घंटे के दौरान 150 मिमी से बारिश दर्ज की गई। अलवर जिले में कोटकासिम में पिछले 24 घंटे 205 मिमी पानी बरसा। धौलपुर जिले के सरमथुरा में 108 मिमी बारिश हुई। जयपुर में भी 57.8 मिमी बारिश रेकॉर्ड की गई। रविवार को भी राजधानी में कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हुई। कहीं रिमझिम बारिश का दौर चला।
बांधों के गेट खोले, मार्ग अवरूद्ध
- धौलपुर जिले में पार्वती नदी पर बने आंगई बांध के 10 गेट खोलकर 15350 क्यूसेक पानी की निकासी की गई। निकासी के बाद बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। पुरा-पाटौर मार्ग पर पूठपुरा की रपट पर अचानक शेरनी नदी में पानी आने से एक ट्रेक्टर डूब गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
- चम्बल की झरैल पुल पर पानी होने से कोटा-सवाईमाधोपुर मार्ग बंद रहा।
- उदयपुर में फतहसागर और उदयसागर झीलों के गेट खोले गए। दूसरी ओर सीसारमा नदी में एक फीट बहाव के चलते स्वरूपसागर भी पुन: छलक गया।
रेलवे स्टेशन पर गिरी अकाशीय बिजली
- हिण्डौनसिटी कस्बे के फतेहसिंहपुरा रेलवे स्टेशन पर आकाशीय बिजली से सिग्नल सिस्टम फेल हो गया। इससे ट्रेनों का स्वचालित सिग्नल से संचालन प्रभावित हो गया। ट्रेनों को पेपर ऑथरिटी देकर ट्रेनों की संचालित करना पड़ा, जो देर रात तक चला।
- अलवर जिले के खेरली रेल में एक पक्का मकान ढह गया, जिसमें दबने से एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गई।
- बूंदी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया व एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ।
रणथम्भौर : एक से पांच जोन में सफारी बंद
बारिश के कारण रणथम्भौर पार्क में रास्तों के खराब होने से रविवार को पार्क के एक से पांच जोन में सफारी को बंद कर पर्यटकों को जोन 6 से 8 की ओर डायवर्ट किया। पानी की अधिक आवक से टोक- शिवपुरी नेशनल हाईवे 552 पर बोदल गांव स्थित पुलिया और त्रिनेत्र गणेश मन्दिर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। अभयारण्य के अधिकारियों ने बताया कि बारिश थमने पर एक से पांच के रास्तों को दुरस्त किए जाने के बाद इन जोन में फिर से सफारी शुरू की जाएगी।
आगे यह : आज से भारी बारिश में आएगी कमी
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार सोमावर से भारी बारिश में कमी होने की संभावना है। हालांकि 10-11 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।