
Weather Update : राजस्थान में एक बार फिर मानसून की बारिश का दौर चल निकाला है। बारिश के लिए तरस रही जनता और किसानों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग के नए अपडेट के अनुसार 26 अगस्त को कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उदयपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 27 अगस्त से 2 सितंबर तक पूर्वी राजस्थान में फिर से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी होने की संभावना जताई है। हालांकि, कोटा संभाग के कुछ भागों में 27 और 28 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसी तरह जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 28 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन राजस्थान के कई इलाकों में बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में बीते 24 घंटों में कहीं भारी तो कहीं मध्यम और हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, अलवर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, सवाई माधोपुर, टोंक जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई है। प्रदेश में इस दौरान सबसे ज्यादा 120 MM बारिश नादोती (सवाईमाधोपुर) में हुई।
तात्कालिक चेतावनी की बात करें तो मौसम विभाग ने मंगलवार शाम प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज तो कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया। भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, अजमेर, भरतपुर, डीग, अलवर, नागौर, डीडवाना-कुचामन और कोटा आदि जिलों में कहीं कहीं ऑरेंज अलर्ट जारी कर मेघगर्जन, तेज हवा चलने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई। आज भी झारखंड के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। आज मानसून ट्रफ लाइन जम्मू देहरादून वैकोम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है।
वहीं सीकर, जयपुर, टोंक, बूंदी, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा सहित कई जिलों में यलो अलर्ट जारी कर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई। मंगलवार देर शाम इनमें से कई स्थानों पर मौसम का मिजाज बदला। ज्यादातर स्थानों पर बादल छाए रहे। कई जगह बारिश हुई तो कई जगह हवा चली।