
कुड़गांव. विश्व आदिवासी दिवस 9 अगस्त को मंडावरा में उत्साह और पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर ग्राम सेवा सहकारी समिति भवन में समाज के पदाधिकारियों, पंच-पटेलों, युवाओं और गणमान्य लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आयोजन समिति ने पिछले वर्ष की आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए भी टीम का गठन किया। समिति के सदस्यों ने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस पर गैरई मोड़ से कुड़गांव-सपोटरा सड़क मार्ग होते हुए मुख्य बस स्टैंड तक भव्य रैली निकाली जाएगी। रैली में आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक झांकियां शामिल रहेंगी। रैली के बाद ग्राम सेवा सहकारी समिति भवन में कन्हैया दंगल का आयोजन होगा, जिसमें बाहर से आने वाली पार्टियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। बैठक में समाज हित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।