
जयपुर ।
आजकल का युथ सोशल मीडिया, सोशल साइट्स, ऑनलाइन चैटिंग की ओर निरंतर बढ़ता ही जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों को भी बढ़ावा मिल रहा है। सोशल मीडिया ने युवाओं के दिमाग पर इतना गहरा असर डाला है की युवा अपने लक्ष्य से भटकने लगा है। सोशल साइट्स का ज्यादा इस्तेमाल करने से अपने लक्ष्य से भटक तो रहे है साथ ही सोशल क्राइम भी लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन सोशल क्राइम की कोई न कोई वारदात देखने को मिलती है उसके बाद भी युवा इसकी और आकर्षित हो रहा है।
राजधानी में हाल ही में डीसीपी ईस्ट कुंवर राष्ट्रदीप और आदर्श नगर थाना पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया टिंडर और फेसबुक एेप के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाते थे और बाद में उन्हें ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूल करते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह में कुल 4 लोग शामिल थे इनमे 2 युवक और 2 युवतियां शामिल है। जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस एेप के जरिए बनाते थे शिकार
डीसीपी ईस्ट कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि यह लोग सोशल मीडिया एेप टिंडर और फेसबुक के जरिए लोगों से दोस्ती करते थे। जिसके बाद यह धीरे-धीरे बातचीत को आगे बढ़ाते थे। बाद में यह उनके साथ घूमते फिरते और फिर उन्हें घर पर बुला लेते। जहां पर पहले तो युवती को फंसाए गए व्यक्ति के साथ अकेला छोड़ देते थे व उसके बाद चारों एक साथ होकर उसे दुष्कर्म के आरोप में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमैल कर पैसे की मांग करते थे।
गिरफ़्तार गिरोह जयपुर के ही अशोक नगर का रहने वाला है जिनका नाम मुस्कान, सपना,मोहम्म्द आबिद और भोजराज बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही डीसीपी ईस्ट और आदर्श नगर थाना पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश कर चारों लोगों को गिरफ्तार लिया।
सोशल मीडिया इस्तेमाल करते वक़्त रहें सावधान
पुलिस ने युवाओं को ख़ास संदेश दिया है कि युवा सोशल साइट्स का इस्तेमाल करते वक़्त पूरी सावधानी बरतें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने सोशल एकाउंट्स पर जगह न दें।