गड़ीसर में हुआ देवी प्रतिमाओंं का विसर्जन
जैसलमेर . शारदीय नवरात्रि की समाप्ति के बाद शनिवार को दशहरा पर्व पर स्वर्णनगरी के ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर में देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान मॉं के भजनो से यहां के माहौल में उत्साह व उल्लास भक्तिरस से परिपूर्ण बन गया। श्रद्धालु डीजे पर चल रहे मॉं के भक्ति गीतो पर झूमते हुए गड़ीसर पहुुंचे और मातारानी की पूजा अर्चना कर देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया। विसर्जन से पहले शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित देवी प्रतिमाओं की ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के मुख्य बाजारों से हुई गड़ीसर तालाब पहुंची। यहां विधिवत रूप से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शोभा यात्रा में गुलाल उड़ाते व डांडिया नृत्य करते सैकड़ों युवक-युवतियों ने भाग लिया। शहर में दिनभर देवी प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकलती रही। जिससे दिन भर स्वर्णनगरी में धार्मिकता का माहौल देखने को मिला। माता के जयकारों के साथ गड़ीसर सरोवर ले जाया गया, जहां देवी प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन किया गया।
देवी प्रतिमाओं को किया सालमसागर तालाब में किया विसर्जित
-हर्षोल्लास के साथ हुआ गरबा महोत्सव का समापन
पोकरण. शारदीय नवरात्रा के दौरान पोकरण कस्बे के चांदप्रोल, मंगलपुरा, पुरोहितों की गली, सूरजप्रोल, खत्रियों की गली, खटीकों का बास में आयोजित गरबा महोत्सव व डांडिया नृत्य शनिवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
गरबा महोत्सव के दौरान युवक युवतियों की ओर से गरबा व डांडिया नृत्य का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्रा के समापन के अवसर पर शुक्रवार रात्रि में देर रात्रि तक गरबा व डांडिया नृत्य की धूम मची रही। यहां युवतियों, महिलाओं, बच्चों युवाओं ने डीजे की धुन पर जमकर डांडिया नृत्य किया। शनिवार को देवी प्रतिमा विसर्जन के लिए अलग-अलग मोहल्लों से शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें एक वाहन में प्रतिमा को सजाया गया तथा श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते हुए साथ चल रहे थे। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सालमसागर तालाब पहुंची। यहां बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने देवी प्रतिमा की आरती की व प्रसाद वितरण किया। देवी मां के जयकारों के साथ युवकों ने प्रतिमाओं का सालमसागर तालाब में विसर्जन किया।