
अर्जुन कपूर ने जवानों के साथ बांटी खुशियां -जमकर थिरके बॉलीवुड स्टार
जैसलमेर .निजी कार्यक्रम में हिस्सेदारी के सिलसिले में जैसलमेर आए बॉलीवुड स्टार अर्जुन कपूर ने यहां सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ जमकर मस्ती की। उन्होंने जवानों के साथ फिल्मी गीतों पर डांस किया और हंसी-मजाक कर उनका मनोरंजन किया। बल के जवानों ने भी गीतों पर थिरक कर अर्जुन कपूर का बखूबी साथ दिया। अर्जुन कपूर ने सजगतापूर्वक देष की सीमाओं की रक्षा करने के लिए बल के अधिकारियों व जवानों की तारीफ की।
खूब चला हंसी-मजाक का सिलसिला
जानकारी के अनुसार सीमा सुरक्षा बल की 119वीं बटालियन के परिसर में गुरुवार देर रात तक मनोरंजन से जुड़ा कार्यक्रम चला, जिसमें अभिनेता अर्जुन कपूर ने अपनी फिल्मों के साथ अन्य फिल्मों के गीतों पर भी ठुमके लगाए। इस मौके पर बल के जवानों के मस्ती भरे अंदाज में किए गए डांस को देखकर कपूर बेहद खुश हुए और उन्होंने उनकी देखादेखी कर डांस करने की कोशिश की। अर्जुन कपूर ने कहा कि एकदम प्रतिकूल परिस्थितियों में ड्यूटी करने के बावजूद जवानों की जिंदादिली वाकई प्रशंसनीय है। शुक्रवार को उन्होंने सीमावर्ती किशनगढ़ और तनोट क्षेत्र में जवानों के साथ समय बिताया।
Published on:
30 Sept 2017 09:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
