जैसलमेर

Jaisalmer: बाबा रामदेव मेले पहले आस्था मार्ग बदहाल, गहरे गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

रामदेवरा. विश्व प्रसिद्ध बाबा रामदेव भादवा मेले से पहले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख मार्ग ही बदहाली का शिकार बना हुआ है। रेलवे स्टेशन से मंदिर तक जाने वाली मुख्य सड़क गहरे गड्ढों और जलभराव से खतरनाक बन गई है, जिससे हर दिन हादसे की आशंका बनी हुई है। मेले में भारी भीड़ उमड़ने से पहले भी सड़क की मरम्मत नहीं होने पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
2 min read
Jul 30, 2026
ramdevra news
रामदेवरा: जर्जर डामर सड़क पर बने गड्ढे।

रामदेवरा. विश्व प्रसिद्ध बाबा रामदेव भादवा मेले में अब करीब कुछ दिन शेष हैं, लेकिन लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े प्रमुख मार्ग की बदहाल स्थिति चिंता बढ़ा रही है। रेलवे स्टेशन से बाबा रामदेव मंदिर तक जाने वाली मुख्य डामर सड़क जगह-जगह उखड़ चुकी है। सड़क पर बने दर्जनों गहरे गड्ढों में बरसात का पानी भर जाने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और विशेषकर बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। रामदेवरा पहुंचने वाले अधिकांश श्रद्धालु रेल मार्ग से आते हैं और स्टेशन से मंदिर तक पहुंचने के लिए इसी सड़क का उपयोग करते हैं। कई स्थानों पर डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। बरसाती पानी से ढके गड्ढों में राहगीरों के पैर फंस रहे हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने की आशंका लगातार बनी हुई है। रात के समय यह मार्ग और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाता है।

20 दिन पहले ही पहले शुरू हो जाएगा श्रद्धालुओं का आगमन

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार बाबा रामदेव भादवा मेले में हर वर्ष 30 से 50 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेले का औपचारिक शुभारंभ 13 सितंबर से होगा, लेकिन विभिन्न राज्यों से आने वाली निशान यात्राएं और पैदल श्रद्धालुओं का आगमन लगभग 20 दिन पहले ही शुरू हो जाता है। ऐसे में मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति मेले की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है।

मरम्मत नहीं होने से बढ़ रही चिंता

रेलवे स्टेशन से मंदिर तक का यह मार्ग सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक गड्ढों की भराई, पैचवर्क या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ। मानसून के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। लगातार बढ़ते गड्ढों से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ती जा रही है।

आस्था के सबसे बड़े मार्ग पर सुरक्षित आवागमन जरूरी

बाबा रामदेव भादवा मेला राजस्थान के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। मेले के दौरान रेलवे स्टेशन से मंदिर तक चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो लाखों श्रद्धालुओं को परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का भी सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग से मांग की है कि मेले की तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए रेलवे स्टेशन से मंदिर तक पूरे मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। गड्ढों की भराई, पैचवर्क और आवश्यक मरम्मत शीघ्र पूरी कर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

फैक्ट फाइल

बाबा रामदेव भादवा मेला

मेला प्रारंभ: 13 सितंबर 2026

स्थान: रामदेवरा, जैसलमेर

अनुमानित श्रद्धालु: 30 से 50 लाख

पैदल आने वाले श्रद्धालु: 10 से 15 लाख

देशभर से आगमन: राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली सहित कई राज्यों से श्रद्धालु

विशेष पहचान: राजस्थान के सबसे बड़े धार्मिक मेलों में शामिल

Updated on:
30 Jul 2026 08:33 pm
Published on:
30 Jul 2026 08:33 pm