जैसलमेर

अहमदाबाद जा रही बस बनी आग का गोला, एक की मौत, 9 जने झुलसे

जैसलमेर. जिले के नाचना से अहमदाबाद के बीच संचालित स्लीपर वातानुकूलित बस में गुजरात के धानेरा के पास आग लग जाने से पूरी बस आग का गोला बन गई। हादसे में जिले के खीनसर निवासी अम्बालाल (40) पुत्र सुरजाराम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 अन्य यात्री घायल हो गए।
3 min read
Mar 13, 2026
Feature image

जैसलमेर जिले के नाचना से अहमदाबाद के बीच संचालित स्लीपर वातानुकूलित बस में गुजरात के धानेरा के पास आग लग जाने से पूरी बस आग का गोला बन गई। हादसे में जिले के खीनसर निवासी अम्बालाल (40) पुत्र सुरजाराम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 अन्य यात्री घायल हो गए। इस हादसे ने एक बार फिर गत वर्ष जैसलमेर से जोधपुर जा रही निजी बस के भयावह हादसे की याद ताजा करवा दी। उस हादसे में कुल 29 यात्रियों की दिल दहलाने वाली मौत हो गई थी। हादसे में गम्भीर रूप से घायल अम्बालाल की मौत पालनपुर (गुजरात) में उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा बनासकांठा जिले के धानेरा में शुक्रवार तडक़े करीब 3.30 बजे हुआ। यात्रियों ने बताया कि कुछ मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई। माना जाता है कि यह हादसा बस में की गई एसी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से हुआ और इस दौरान बस में यात्रा कर रहे यात्रियों ने आपातकालीन गेट से कूद कर अपनी जान बचाई। सभी घायलों को उपचार के लिए धानेरा ले जाया गया।

गुजरात सीमा में घुसते ही हादसा

जानकारी के अनुसार जैसलमेर स्थित स्वागत ट्रेवल्स की यह बस जिले के नाचना से अहमदाबाद के बीच संचालित होती थी। नाचना से बस गुरुवार शाम 6.30 बजे निकली और शुक्रवार तडक़े गुजरात सीमा में प्रवेश करते ही बस में अचानक धुआं भर गया और आग लग गई। आग के बीच बस से बाहर कूदे कई यात्रियों के हाथ और मुंह जल गए। कई पैसेंजर्स के इस दौरान चोटें भी आई हैं। जानकारी के अनुसार बस में कुल 16 यात्री थे और हादसे के दौरान सभी नींद में थे। यात्रियों के अनुसार आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। बचाव के लिए सभी यात्री बस के पिछले हिस्से में बने आपातकालीन गेट की ओर भागे। सभी के बाहर निकलने से पहले लपटें तेजी से फैल गई। इस कारण 9 लोग बुरी तरह से झुलस गए। जबकि अन्य यात्रियों को हल्की चोट आई है। घायलों में अहमदाबाद की भावना शाह, जैसलमेर निवासी मनीषा माली, मालमसिंह, शरीफ खान, अरुणा, बाड़मेर के रतनसिंह और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। यह जानकारी भी मिली है कि अम्बालाल करीब 90 प्रतिशत तक जल गया था, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि अम्बालाल रामगढ़ में सिलाई का काम करते थे और पिछले चार साल से डायबिटिज से ग्रस्त थे। वह दवा लेने के लिए अहमदाबाद जा रहे थे।

यात्रियों को नुकसान

हादसे में बस में सफर कर रहे यात्रियों को काफी नुकसान हुआ है। भीषण आग की वजह से उनका सारा सामान, मोबाइल फोन आदि जलकर राख हो गए। जिला परिवहन अधिकारी टीकूराम ने बताया कि यह बस 25 जनवरी 2025 को नीमच में रजिस्टर्ड थी और उसके कागजात पूर्ण थे।

5 महीने पहले हुआ था भयावह हादसा

गौरतलब है कि धानेरा के पास हुए हादसे ने करीब 5 महीने पहले गत वर्ष 14 अक्टूबर को जैसलमेर से करीब 12 किलोमीटर दूर थईयात गांव के पास एसी स्लीपर बस में भीषण आग लग जाने के लोमहर्षक हादसे की याद ताजा करवा दी। उस हादसे में बस के आग के हवाले हो जाने से 19 जने काल का ग्रास बन गए थे। घटित भयावह दुखांतिका में मरने वालों का आंकड़ा बढऩे लगा जो 29 तक पहुंच गया। हादसे में घायल 16 जनों को जोधपुर रैफर किया गया था। हादसे में तत्काल 19 जनों की मौत हो गई थी और 16 अधिक यात्री गंभीर रूप से झुलस गए थे। हादसे के बाद घायलों को जोधपुर ले जाकर उनका उपचार करवाया गया। जिसमें एक के बाद एक कई जनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद एफएसएल जांच में आया कि बस में आग लगने का मुख्य कारण एयर कंडीशनिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट था। बस में सुरक्षा मानकों में कई कमियां पाई गई। घटना ने न केवल जैसलमेर बल्कि पूरे प्रदेश व देश को गमगीन कर दिया था।

Updated on:
13 Mar 2026 08:33 pm
Published on:
13 Mar 2026 08:33 pm