जैसलमेर

पत्रिका की मुहिम से शुरू हुई थी एक साल पहले विमान सेवा,अब इस महानगर से जुड़ गया जैसलमेर

मुम्बई से आए चौरानवे दोस्त!-मायानगरी से स्वर्णनगरी का सफर तय हुआ महज डेढ़ घंटे में -विमान सेवा की शुरुआत से पर्यटन व्यवसायियों में खुशी-दिल्ली से भी 189 सीटर बोइंग विमान की सेवा शुरू

2 min read
Oct 30, 2018
पत्रिका की मुहिम से शुरू हुई थी एक साल पहले विमान सेवा,अब इस महानगर से जुड़ गया जैसलमेर

जैसलमेर. देश की आर्थिक राजधानी और हिंदी फिल्मोद्योग के कारण बतौर मायानगरी अपनी पहचान रखने वाले मुम्बई शहर सोमवार को पीत पाषाणों वाली स्वर्णनगरी जैसलमेर से नियमित हवाई सेवा से जुड़ गया। स्पाइसजेट का बोइंग विमान सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे जैसे ही जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट के रनवे पर उतरा, यहां के पर्यटन व्यवसायियों में खुशी की लहर दौड़ गई। 189 सीटों वाले बोइंग विमान में 94 यात्री सवार होकर जैसलमेर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट निदेशक राजीव पुनेठा ने अन्य स्टाफ सदस्यों के साथ विमान यात्रियों का फ्लेग इन कर स्वागत किया।
सिमट गए फासले
देश की पश्चिमी सीमा के अंतिम छोर पर बसे जैसलमेर से मुम्बई की 1060 किलोमीटर की लम्बी दूरी इस बोइंग विमान ने महज 1.35 घंटे में तय कर ली। मुम्बई से विमान ने सोमवार सुबह 8.55 बजे उड़ान भरी और 10.30 बजे जैसलमेर पहुंच गया। विमान ने देशी सैलानियों के साथ विदेशी भी जैसलमेर पहुंचे। इसके साथ ही देश की राजधानी दिल्ली और जैसलमेर के बीच सोमवार से स्पाइसजेट ने 189 सीटों वाले बोइंग विमान की सेवा शुरू कर दी। मुम्बई और दिल्ली के विमान लगभग 15 मिनट के अंतराल में जैसलमेर एयरपोर्ट पर उतरे।दिल्ली से इस बोइंग में 151 यात्री आए। जानकारी के अनुसार जैसलमेर से मुम्बई के लिए पुन:उड़ान भरे विमान में 64 और दिल्ली वाले विमान में 109 यात्री सवार हुए।
पर्यटन को मिलेगा सहारा
पर्यटन सीजन के उच्चतम स्तर पर पहुंचने से ठीक पहले मुम्बई-जैसलमेर हवाई सेवा की शुरुआत के साथ दो दिन बाद अहमदाबाद के भी स्वर्णनगरी से जुडऩे से जैसलमेर पर्यटन को बड़ा सहारा मिलने की उम्मीद जगी है। अब तक कई देशी-विदेशी सैलानी लम्बी दूरियों की वजह से चाहकर भी जैसलमेर नहीं पहुंच पाते थे। अब वे विमान में सवार होकर जैसलमेर भ्रमण पर आ सकेंगे। यही कारण है कि स्थानीय पर्यटन व्यवसायी आगामी सीजन के बेहतरीन होने की उम्मीदें जोड़े हुए हैं।
पत्रिका की मुहिम से शुरू हुई थी एक साल पहले विमान सेवा
गौरतलब है कि वर्ष 2012 में निर्मित जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट पर 5 साल के इंतजार के बाद 29 अक्टूबर 2017 में हवाई सेवा शुरू की गई थी। राजस्थान पत्रिका की ओर से चलाई गई मुहिम पंख लगे तो मिले परवाज शीर्षक से अभियान चलाने के बाद यह सुखद स्थिति बनी। स्पाइसजेट कम्पनी ने तब दिल्ली और जयपुर के लिए हवाई सेवा का आगाज किया था। इस दौरान 78 सीटर विमानों की आवाजाही का यह क्रम अप्रेल की शुरुआत तक चलता रहा। बाद में गर्मियों के मौसम में दिल्ली के लिए सेवा का स्थगित किया गया और एकमात्र जयपुर के लिए ही पर्यटन के लिहाज से ऑफ सीजन में लोगों को विमान सेवा मिली।इस बार कम्पनी ने यात्रियों की मांग को देखते हुए मुम्बई के अलावा दिल्ली के लिए भी 189 सीटों वाले बोइंग विमान उड़ाने का फैसला किया है।

फैक्ट फाइल -
-04 शहरों के लिए सप्ताह में 6 दिन संचालित होगी हवाईसेवा
-2012 में बनकर तैयार हुआ जैसलमेर का सिविल एयरपोर्ट
-2017 में जैसलमेर से हवाई सेवा की हुई थी शुरुआत

ये भी पढ़ें

जैसलमेर के सबसे बड़े कृषि क्षेत्र में परेशान है हजारों किसान,यह है बड़ी वजह,जानिए पूरी खबर

जैसलमेर के लिए महत्वपूर्ण शुुरुआत
सोमवार को मुम्बई-जैसलमेर की नियमित उड़ान का आगाज होना महत्वपूर्ण है। 31 अक्टूबर से अहमदाबाद भी जैसलमेर से जुड़ जाएगा। मुम्बई और दिल्ली के लिए 189 सीटर विमान मिलेंगे वहीं अहमदाबाद को 78 सीटर विमान जोड़ेगा।
-राजीव पुनेठा, प्रभारी, जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट

ये भी पढ़ें

मायानगरी से जुड़ गया स्वर्णनगरी का हवाई नाता,कुछ इस तरह से किया यात्रियों का स्वागत, देखें वीडियो
Published on:
30 Oct 2018 11:07 am
Also Read
View All