जैसलमेर

Jaisalmer: फील्ड फायरिंग रेंज में विस्फोट, युवक की दर्दनाक मौत

लाठी थाना क्षेत्र की फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार सुबह हुए विस्फोट में युवक की मौत हो गई। मशरूम बीनने गए युवक के सैन्य स्क्रैप के पास संदिग्ध विस्फोटक की चपेट में आने की आशंका है। सेना और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और जांच शुरू की।
2 min read
Aug 05, 2026
pokaran news letst
पोकरण मोर्चरी पर मोजूद परिजन एवं पुलिस जाब्ता।

रामदेवरा/लाठी (जैसलमेर). फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार सुबह हुए भीषण विस्फोट में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार युवक मशरूम बीनने के लिए फायरिंग रेंज क्षेत्र में गया था। इसी दौरान सैन्य स्क्रैप के पास मौजूद किसी संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ के संपर्क में आने से धमाका होने की आशंका जताई जा रही है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम, सेना के जवान, रामदेवरा थानाधिकारी देवकिशन और सहायक निरीक्षक खीमाराम मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक निरीक्षण में घटनास्थल लाठी थाना क्षेत्र में पाया गया, जिसके बाद लाठी पुलिस को सूचना दी गई। लाठी थानाधिकारी बगडूराम विश्नोई, सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भाटी और सहायक उपनिरीक्षक पदमचंद गोयल पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पोकरण वृत्ताधिकारी बुद्धाराम विश्नोई ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और सैन्य अधिकारियों ने क्षेत्र को सुरक्षित कर साक्ष्य एकत्रित करने की कार्रवाई शुरू की।

सैन्य स्क्रैप के पास संदिग्ध पदार्थ फटने की आशंका, जांच शुरू

पोकरण वृत्ताधिकारी बुद्धाराम विश्नोई ने बताया कि मृतक की पहचान सत्यनारायण सिंह (40) पुत्र जगतसिंह निवासी बीलिया, थाना पोकरण के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मशरूम बीनने के लिए फायरिंग रेंज क्षेत्र में गया था। इसी दौरान हुए विस्फोट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसे में युवक के चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल से विस्फोट से जुड़े कुछ अवशेष और अन्य सामग्री भी बरामद हुई है। इन्हें सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विस्फोट किस वस्तु या सामग्री से हुआ।

मिलिट्री इंटेलिजेंस, सेना और पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

फिलहाल पुलिस और सैन्य अधिकारी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही विस्फोट के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। हादसे के बाद फील्ड फायरिंग रेंज में सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सैन्य अभ्यास वाले क्षेत्रों में स्पष्ट चेतावनी बोर्ड, मजबूत निगरानी और प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन जरूरी है।

Updated on:
05 Aug 2026 08:30 pm
Published on:
05 Aug 2026 08:29 pm