जैसलमेर

Jaisalmer: जसराज को डूबते देख भाई दौड़ा, लेकिन नहीं बचा पाया चारों जिंदगियां

सूचना से आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए। सूचना पर रामदेवरा थानाधिकारी देवकिशन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चारों को टांके से बाहर निकालकर लोहारकी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया।
2 min read
Jul 27, 2026
jaisalmer pokaran news photo
पोकरण. अस्पताल की मोर्चरी के बाहर उपस्थित पुलिस। पत्रिका

पोकरण (जैसलमेर ). रामदेवरा थानाक्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार की रात हुई ह्रदय विदारक घटना में पति-पत्नी ने अपने दो बच्चों के साथ टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन इसका कारण घरेलू कलह होने की आशंका जताई जा रही है। रविवार रात करीब 8-9 बजे के बीच लोहारकी गांव निवासी जसराज पुत्र (30) पुत्र जुगताराम सुथार ने अपनी पत्नी निरमा (28), पुत्र भरत (10) व पुत्री मनीषा (5) के साथ घर में निर्मित टांके में कूदकर इहलीला समाप्त कर ली। घटना में सबसे अंतिम में जसराज टांके में कूदा् जिसे उसके भाई ने दूर से देख लिया। उसने आवाज लगाई और भागा, तब तक चारों जने टांके में कूद चुके थे। करीब 18 फीट गहराई का टांका पानी से पूरा भरा हुआ था। जिसके कारण चारों की मौत हो गई।

18 फीट गहरे पानी भरे टांके से निकले परिवार के चारों शव

सूचना से आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए। सूचना पर रामदेवरा थानाधिकारी देवकिशन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चारों को टांके से बाहर निकालकर लोहारकी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पोकरण अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर देर रात पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे भी पोकरण पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव पोकरण अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए और मृतक विवाहिता के पीहर पक्ष को सूचना दी।

पोस्टमार्टम के बाद शव किए सुपुर्द

थानाधिकारी देवकिशन ने बताया कि सोमवार को सुबह पीहर पक्ष के लोग यहां पहुंचे। जिसके बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किए गए। उन्होंने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं मिली है। विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

नहीं थी कोई परेशानी

परिजनों ने बताया कि मृतक जसराज फर्नीचर का कार्य करता था। जसराज के दो अन्य भाई भी है। जिनके मकान भी पास ही स्थित है। जसराज के हिस्से पुश्तैनी 100 बीघा जमीन आती है। ऐसे में आर्थिक समस्या जैसी कोई बात नहीं है।

Updated on:
27 Jul 2026 08:35 pm
Published on:
27 Jul 2026 08:35 pm