
रामदेवरा। रामसरोवर पर उमड़े श्रद्धालु।
रामदेवरा @ पत्रिका. लोकदेवता बाबा रामदेव की भादवा शुक्ल दशमी सोमवार को रामदेवरा में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। दशमी के अवसर पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामदेवजी की समाधि के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से देर शाम तक रामदेवरा में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। मंदिर परिसर के साथ कस्बे के प्रमुख मार्ग और धार्मिक स्थल रामदेवजी के जयकारों से गूंजते रहे। दशमी पर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से आए श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से चावल सहित विभिन्न सामग्री से प्रसाद तैयार किया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद का रामदेवजी की समाधि पर भोग लगाया और इसके बाद सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया। दशमी पर रामदेवजी की समाधि पर चावल से बने प्रसाद का भोग लगाने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखा। सोमवार सुबह से ही रामदेवरा की ओर श्रद्धालुओं का कारवां बढ़ता रहा। रामदेवरा-पोकरण मार्ग और रामदेवरा-फलोदी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के साथ पैदल आने वाले श्रद्धालु भी नजर आए। कई श्रद्धालु दूर-दराज से पैदल यात्रा कर रामदेवजी की समाधि के दर्शन के लिए पहुंचे।
भादवा मेले के चलते पिछले करीब डेढ़ माह से रामदेवरा में श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी हुई है। दशमी के दिन श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने से बाजारों, मंदिर क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर दिनभर चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं में इस दिन को रामदेवजी की जयंती के रूप में मनाने की भी परंपरा है। इसी आस्था के चलते देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचते हैं और रामदेवजी की समाधि के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं। रामदेवजी की समाधि के दर्शन के साथ श्रद्धालुओं ने रामसरोवर, परचा बावड़ी, रूणीचा कुआं और पंच पीपली सहित अन्य स्थानों पर भी पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मेले के अंतिम चरण में भी रामदेवरा में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
जैसलमेर. रावणा राजपूत समाज छात्रावास, देदनसर स्थित मातेश्वरी तनोट राय माता के मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं जीर्णोद्धार समारोह का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम 22 सितंबर को रात में जागरण एवं भजन संध्या के साथ शुरू होगा। इसके अगले दिन 23 सितंबर को सुबह मातेश्वरी तनोट राय माता के मंदिर में विधिवत मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं जीर्णोद्धार समारोह संपन्न होगा। इस अवसर पर समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने सभी समाज बंधुओं को इस पुनीत अवसर पर पधारने के लिए आमंत्रित किया है। यह जानकारी रावणा राजपूत समाज, जैसलमेर के जिला अध्यक्ष कोजराज सिंह भाटी ने दी।
Updated on:
21 Sept 2026 08:38 pm
Published on:
21 Sept 2026 08:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
