
पोकरण(जैसलमेर). राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की बैठक मंगलवार को स्थानीय दयाल सैनिक राजपूत छात्रावास में आयोजित हुई। बैठक में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सांगसिंह गड़ी ने बताया कि चतुरसिंह की मृत्यु के दो वर्ष बाद भी सीबीआई जांच की मांग को पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि 25 जून को चतुरसिंह की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर सीबीआई जांच की मांग को लेकर जनसभा का आयोजन किया जाएगा। बैठक में समाज के लोगों से 25 जून को जैसलमेर चलने का आह्वान किया गया। इस दौरान राजपूत सेवा समिति के अध्यक्ष राणीदानसिंह भाटी, भूरसिंह सांकड़ा, डॉ. राजेन्द्रसिंह, विक्रमसिंह चंपावत, करणसिंह, नाथूसिंह राठौड़, मनोहरसिंह, गुमानसिंह, कंवराजसिंह, सुरेन्द्रसिंह, मोतीसिंह, मनोहरसिंह, दिलीपसिंह, भोमसिंह, चंद्रवीरसिंह, जोरावरसिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।
प्रवेशोत्सव का दूसरा चरण शुरू
जैसलमेर. शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का द्वितीय चरण19 जून से 3 जुलाई तक आयोजित होगा। माध्यमिक शिक्षा राजस्थान बीकानेर व्याख्याता छगनलाल परिहार व अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक कमल किशोर व्यास ने प्रवेशोत्सव द्वितीय चरण के अन्तर्गत राउमावि कनोई, राउमावि पूनमनगर तथा राउमावि रामगढ का अवलोकन किया। इस दौरान प्रवेशोत्सव के संबध में व ड्रॉप आउट बच्चों को आगंनवाडी़ व विद्यालयों से जोडकर पंचायत को उजियारी पंचायत घोषित करने के संबध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई । उन्होंने राज्य सरकार द्वारा इस सत्र से सरकारी विद्यालयों में लागू अन्नपूर्णा दूध योजना लागू करने के संबध में भी जानकारी दी, वहीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भी चर्चा की।
योग व्याख्यान माला का आयोजन
जैसलमेर. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर राजस्थान राज्य खान एवं खनिज लिमिटेड जैसलमेर द्वारा एक विभागीय समिति का गठन किया गया। समिति में वरिष्ठ प्रबंधक बाबूलाल महावर को योग दिवस के लिए प्रभारी नियुक्त किया। उप महाप्रबंधक व इकाई प्रमुख राजेंद्र मेनारिया ने बताया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जैसलमेर स्थित अधिकारी आवास परिसर में उपस्थित रहेंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र सानू खदान पर मंगलवार को योग व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजन समिति के प्रशिक्षक योगी जालाराम चौधरी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग का महत्व बताया। विभागीय योग समिति द्वारा 20.जून को योग शिविर का पूर्वाभ्यास आरएसएमएम अधिकारी आवास परिसर जैसलमेर में होगा। इस दौरान सभी अधिकारियों व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।