पुलिस ने गुरुवार को सुबह अभियान चलाकर गांव के धर्मशालाओं व होटलों की जांच की।
जैसलमेर/रामदेवरा. पुलिस ने गुरुवार को सुबह अभियान चलाकर गांव के धर्मशालाओं व होटलों की जांच की। गौरतलब है कि आगामी दिनों में भाद वा मेला शुरू होने वाला है, जिसको लेकर पुलिस की ओर से अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई है। गांव में आने वाले संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा जेबकतरों, उठाईगिरों आदि पर भी नजर रखकर कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत मुख्य आरक्षक शिशुपाल ने मय जाब्ता गुरुवार को रेलवे स्टेशन, पोकरण रोड, नाचना चौराहा आदि जगहों पर स्थित धर्मशालाओं व होटलों की जांच की। उन्होंने संचालकों को किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना आईडी के कमरा नहीं देने, संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति व वस्तु पर नजर रखने, किसी भी वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की बात कही।
बस में तोडफ़ोड़ कर चालक व परिचालक के साथ मारपीट करने व रुपए लूटने का मामला दर्ज
पोकरण. लाठी क्षेत्र के चाचा गांव में एक निजी बस में तोडफ़ोड़ कर चालक व परिचालक के साथ मारपीट कर रुपए लूटकर ले जाने पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है।
लाठी पुलिस के अनुसार केतू धीरपुरा शेरगढ निवासी गिरधारीसिंह पुत्र चंदनसिंह ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसकी एक यात्री बस जोधपुर से जैसलमेर चलती है। बुधवार की शाम आठ बजे पोकरण से चाचा गांव पहुंची। इसी दौरान यहां आरके मेहर बस के मालिक पोकरण निवासी रऊफखां मेहर, अरशदखां पुत्र अब्दुल अजीज, कलरां निवासी हमीदखां, साबिरखां, मुजीबरखां, मुमताजखां पुत्र आमदीन, बशीरखां पुत्र गफूरखां, गफूरखां पुत्र आमदीन, देचू निवासी सिकंदर व अन्य 15-20 लोग तीन बोलेरो कैम्पर व चार-पांच बाइक पर सवार होकर तथा हाथ में तलवार, लाठियां आदि हथियार लेकर आए। उन्होंने गाड़ी को रुकवाया तथा चालक को बाहर निकालकर मारपीट शुरू की। गफूरखां, मुजीबरखां व शेरखां ने चालक करणसिंह पर तलवार से वार किया। हमलावरों ने परिचालक उम्मेदसिंह के साथ मारपीट की व उसकी जेब से किराए के 11 हजार 500 रुपए नकद लूट लिए। उन्होंने लाठियों से बस के शीशे तोड़ दिए व बस को क्षतिग्रस्त कर नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच लाठी थानाधिकारी राजूराम सीरवी कर रहे है।