
जैसलमेर. सरहदी जिले की जैसलमेर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी छोटूसिंह भाटी ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रूपाराम को 18700 वोटों से हराया। इसके साथ ही वे जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार चुनाव जीतने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं। भाजपा के छोटूसिंह 2008 और 2013 में लगातार दो बार प्रत्याशी बने और विजयी भी हुए। जिला मुख्यालय पर एसबीके राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 20 राउंड के समाप्त होते ही भाजपा प्रत्याशी छोटूसिंह भाटी की जीत निश्चित हो गई थी। भाजपा प्रत्याशी छोटूसिंह भाटी को 103115 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी रूपाराम को 84415 वोट मिले। इस तरह भाजपा प्रत्याशी छोटूसिंह भाटी ने 18700 वोट से जीत हासिल की। गौरतलब है कि दोनों प्रत्याशी अपने-अपने दलों से साल 2013 के विधानसभा चुनाव में भी टकराए थे। उस चुनाव में करीबी मुकाबले में भाजपा के छोटूसिंह विजयी रहे थे। उसके बाद 2018 के चुनावों में छोटूसिंह की जगह भाजपा ने सांगसिंह भाटी को प्रत्याशी बनाया और कांग्रेस ने पुन: रूपाराम पर ही भरोसा किया था। उस चुनाव में रूपाराम ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। इस बार भाजपा ने फिर से उम्मीदवार बदलकर छोटूसिंह पर दांव खेला, जबकि रूपाराम लगातार तीसरी बार कांग्रेस के निशान पर मैदान में थे। जिन्हें 18 हजार 700 मतों से हराकर छोटूसिंह ने जैसलमेर सीट से तीसरी बार विधायक बनने का इतिहास रचा है।