4 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: वाहन की जोरदार टक्कर से पोल और ट्रांसफार्मर गिरे, बाजार में मची अफरा-तफरी

लाठी (जैसलमेर). राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर रविवार को एयरफोर्स अधिकारियों को लेकर जा रहा वाहन अनियंत्रित होकर विद्युत ट्रांसफार्मर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर सड़क किनारे गिर गए, जबकि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार सातों एयरफोर्स अधिकारी सुरक्षित बाहर निकल आए, हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
2 min read
Google source verification
jaisalmer

लाठी के मुख्य बाजार में एनएच-11 पर टायर फटने के बाद ट्रांसफार्मर से टकराई क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो। हादसे में सात एयरफोर्स अधिकारी बाल-बाल बचे।

लाठी (जैसलमेर). राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर लाठी के मुख्य बाजार में रविवार कोअचानक एक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने कुछ देर के लिए लोगों की चिंता बढ़ा दी। एयरफोर्स अधिकारियों को लेकर जा रहा वाहन अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से जा भिड़ा। टक्कर के साथ ही विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर जमीन पर आ गिरे। वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सात एयरफोर्स अधिकारी सवार थे। हादसे के बाद सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। किसी अधिकारी या राहगीर को चोट नहीं आई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

https://www.dailymotion.com/video/xbhu28i

कुछ पल के लिए थम गया बाजार

टक्कर की तेज आवाज से मुख्य बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानों पर मौजूद लोग और राहगीर तुरंत घटनास्थल की तरफ पहुंचे। सड़क किनारे क्षतिग्रस्त वाहन, गिरा हुआ विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सामाजिक कार्यकर्ता मांगीलाल दर्जी, कैलाश मेघवाल, रावल बंजारा और गणेश पंवार सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

बिजली बंद होने से टला दूसरा हादसा

हादसे में सबसे राहत वाली बात यह रही कि दुर्घटना के समय क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद थी। स्कॉर्पियो के ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद पोल और विद्युत उपकरण जमीन पर गिर गए, लेकिन बिजली बंद होने से करंट फैलने का खतरा नहीं बना। यदि उस समय विद्युत आपूर्ति चालू रहती तो दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के लिए स्थिति और गंभीर हो सकती थी। हादसे के कारण आसपास की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई।

टायर फटना बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी में स्कॉर्पियो का टायर फटना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराई। सूचना मिलते ही लाठी थाने के सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया। मामले की जांच जारी है।