
जैसलमेर. पंचायतीराज संस्थाओं का जिलास्तरीय केंद्र जिला परिषद
जैसलमेर. पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का कार्यक्रम शनिवार को घोषित किया गया। इसके तहत सीमावर्ती जिले जैसलमेर में पहले चरण में मतदान होगा। इन चुनावों में ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले कुल 4 लाख 36 हजार 951 मतदाता भागीदारी करेंगे। इनमें 2 लाख 34 हजार 686 पुरुष व 2 लाख 2 हजार 265 महिलाएं शामिल हैं। मतदाताओं की यह संख्या राजस्थान में सबसे कम है। जिले में 23 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समितियों के वार्डों में इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन से मतदान करवाया जाएगा और 25 तारीख को सरपंच पद के लिए चुनाव होगा। जिला परिषद जैसलमेर में 21 वार्ड हैं। इसी तरह से 10 पंचायत समितियों में प्रत्येक में 15-15 यानी कुल 150 वार्ड और 266 ग्राम पंचायतें हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में 4 चरणों में पंचायती राज चुनाव होंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने के साथ जिले की ग्रामीण राजनीति में हलचल तेज हो गई है। निर्वाचन क्षेत्रों व सरपंचों के आरक्षण का निर्धारण पहले हो चुका है। 24 अक्टूबर को पंच व सरपंच पद के लिए नामांकन, 25 को पुरानी पद्धति से मतदान व उसी दिन मतगणना होगी। उपसरपंच का चुनाव 26 अक्टूबर को और जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना प्रदेश भर में एक साथ 20 नवंबर को होगी। उसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 को उप जिला प्रमुख, 27 को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से 8 अक्टूबर को औपचारिक लोक सूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन और मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। जिले की सभी 10 पंचायत समितियों—राजमथाई (मुख्यालय फलसूण्ड), सांकड़ा, भणियाणा, खुहड़ी, फतेहगढ़, रामगढ़, जैसलमेर, रामदेवरा (मुख्यालय पोकरण), नाचना और मोहनगढ़ के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। चुनाव घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की गई है। 14 को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और 15 को नाम वापसी एवं चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के वार्डों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे बजे तक ईवीएम के जरिए करवाया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायतों के पंच व सरपंच पदों के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की तिथि 24 अक्टूबर तय की गई है। इसके तुरंत बाद 24 तारीख को ही संवीक्षा, नाम वापसी और चुनाव चिह्नों का आवंटन संपन्न होगा। पंच व सरपंच पदों के लिए मतदान 25 अक्टूबर की सुबह 7 बजे से 6 बजे तक मतपेटियों के माध्यम से कराया जाएगा और मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके अगले दिन उपसरपंच का चुनाव संपन्न होगा।
पंचायत समिति ग्राम पंचायतें
खुहड़ी 33
जैसलमेर 31
नाचना 20
फतेहगढ़ 38
भणियाणा 21
मोहनगढ़ 20
राजमथाई 30
रामगढ़ 20
रामदेवरा 24
सांकड़ा 29
Updated on:
03 Oct 2026 09:28 pm
Published on:
03 Oct 2026 09:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
