जैसलमेर

Jaisalmer Zila Pramukh Election Result: कांग्रेस की संतोष कुमारी ने रचा इतिहास, 21 साल की उम्र में निर्विरोध बनीं जिला प्रमुख

जैसलमेर जिला प्रमुख पद के लिए हुई प्रक्रिया में कांग्रेस की संतोष कुमारी ने निर्विरोध बाजी मार ली है। 21 में से 20 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने आपसी सहमति से 21 साल की संतोष कुमारी को मैदान में उतारा था, जिनके सामने कोई दूसरा पर्चा दाखिल नहीं हुआ।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 12:15 PM IST
jaisalmer jila pramukh santosh kumari
21 वर्षीय संतोष कुमारी (Photo-Patrika)

जैसलमेर. पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत जैसलमेर जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई है, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमारी निर्विरोध जिला प्रमुख चुन ली गई हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह जिला परिषद की बैठक के साथ चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई और नामांकन दाखिल किए गए। इस दौरान संतोष कुमारी के सामने किसी भी दूसरे उम्मीदवार ने पर्चा नहीं भरा। ऐसे में कागजातों की जांच के बाद उन्हें निर्विरोध जिला प्रमुख घोषित कर दिया गया। खास बात यह है कि संतोष कुमारी महज 21 साल की उम्र में इस पद तक पहुंची हैं।

कांग्रेस ने दर्ज की थी 20-1 की एकतरफा जीत

जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 21 में से 20 वार्डों में शानदार जीत दर्ज की थी और भाजपा के खाते में सिर्फ 1 ही सीट गई थी। जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित थी। कांग्रेस के टिकट पर इस वर्ग से चार सदस्य जीतकर आए थे, जिनमें वार्ड 21 से संतोष कुमारी, वार्ड 9 से रतनाराम, वार्ड 4 से मानाराम और वार्ड 6 से कमलाराम शामिल थे।

चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर भी जिला प्रमुख के चेहरे को लेकर काफी चर्चाएं रहीं। पोकरण क्षेत्र से जीतकर आईं 21 वर्षीय संतोष कुमारी शुरू से ही पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद खेमे की पहली पसंद थीं। दूसरी ओर, पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल के गुट की ओर से कमलाराम का नाम आगे किया जा रहा था। हालांकि, पंचायत समितियों के प्रधान पदों को लेकर दोनों गुटों के बीच हुई बातचीत के बाद संतोष कुमारी के नाम पर आम सहमति बन गई।

भाजपा के पास नहीं था कोई विकल्प

दूसरी तरफ, जिला परिषद में सिर्फ एक सीट जीतने वाली भाजपा के लिए इस चुनाव में कोई भी उलटफेर करना संभव नहीं था। भाजपा की एकमात्र विजेता करुणा कंवर सामान्य वर्ग से आती हैं, जबकि प्रमुख का पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में भाजपा के पास इस पद के लिए कोई उम्मीदवार ही नहीं था, जिससे संतोष कुमारी की निर्विरोध जीत का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।

खबर अपडेट की जा रही है...