जैसलमेर

Jaisalmer News Video: नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में महिला सशक्तती करण पर मंथन

महिला सशक्तीकरण, सामाजिक जागरूकता और अधिकार संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर परिषद सभागार में जिला स्तरीय नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज निर्माण में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

2 min read
Jun 10, 2026
jaisalmer news
 जैसलमेर. नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में उप​िस्थत संभागी। 

जैसलमेर. महिला सशक्ततीकरण, सामाजिक जागरूकता और अधिकार संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर परिषद सभागार में जिला स्तरीय नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, बाल संरक्षण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। मुख्य अतिथि जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि राष्ट्र और समाज के सर्वांगीण विकास में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं के बिना किसी भी समाज की प्रगति की कल्पना नहीं की जा सकती।

शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिले जैसलमेर की महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक नेतृत्व तथा देश की सीमाओं की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर जिले का गौरव बढ़ा रही हैं। बालिका शिक्षा को महिला सशक्तीकरण की आधारशिला बताते हुए उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ लेने का संदेश दिया। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने कहा कि शिक्षा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती है और रोजगार के अवसरों से जोड़ती है। उन्होंने सामाजिक असमानताओं को समाप्त करने तथा महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया। बाल कल्याण समिति के सहायक निदेशक हिम्मतसिंह कविया ने बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण कानूनों की जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के महत्व पर प्रकाश डाला। पुलिस विभाग के जालम सिंह ने साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।

महिलाओं को सरकारी योजनाओं और साइबर सुरक्षा विषयों पर किया जागरूक

महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अशोक गोयल तथा सहायक निदेशक कुंप सिंह ने महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए पालनहार योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक गोद भराई रस्म और बालिकाओं के जन्मोत्सव पर केक कटिंग के साथ हुआ। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, एएनएम, महिला पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

13 जून तक दस्तावेज जमा कर शुल्क भुगतान करना आवश्यक

जैसलमेर स्थानीय मिश्रीलाल सांवल राजकीय कन्या महाविद्यालय में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने मेरिट सूची एवं प्रथम प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन कर दिया है। प्रवेश के लिए पात्र छात्राएं कार्यालय समय में अपनी स्थिति का अवलोकन कर सकती हैं। प्रवेश नोडल अधिकारी गणेश कुमार ने बताया कि कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में आवेदन करने वाली सभी छात्राओं को मेरिट सूची अथवा प्रथम प्रतीक्षा सूची में शामिल किया गया है। पात्र छात्राएं प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए आवश्यक दस्तावेज 13 जून तक महाविद्यालय में जमा करा सकती हैं।

Published on:
10 Jun 2026 09:03 pm