
जैसलमेर . पोकरण में दलित संगठनों के लोगों ने शुक्रवार को एक जुलूस निकालकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपखण्ड अधिकारी को सुपुर्द किया तथा नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर देने के आरोपित को फांसी की सजा देने की मांग की। दलित अधिकार अभियान कमेटी के तत्वावधान में राजस्थान मेघवाल समाज के प्रदेश सचिव खेताराम लीलड़, मेघवाल समाज सुधार समिति के जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र बारूपाल, मेघवाल समाज विकास समिति के स्थानीय अध्यक्ष अलसाराम, भील समाज अध्यक्ष डूंगरराम, दलित अधिकार अभियान कमेटी के सचिव गणपतराम गर्ग, शिक्षाविद् रेंवताराम बारूपाल, गोविंद देवपाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने शुक्रवार को मेघवाल समाज न्याति नोहरे से एक जुलूस निकाला। जुलूस स्टेशन रोड, जयनारायण व्यास सर्किल होते हुए उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपखण्ड अधिकारी को सुपुर्द कर बताया कि बाड़मेर के गिराब थानाक्षेत्र के ऊनरोड़ गांव में गत 22 जून की रात्रि में आठ वर्षीय बालिका मेनका को रशीद उर्फ रईस पुत्र धोधाखां अपहरण कर ले गया। उसने बालिका के साथ दुष्कर्म किया तथा गला घौंटकर हत्या कर दी। उन्होंने ऐसे जघन्य अपराध की निंदा की। इससे पूर्व मेघवाल समाज न्याति नोहरे में एक शोक सभा आयोजित की गई तथा दो मिनट का मौन रखकर मेनका को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर भगाराम देवपाल, प्रेमचंद पंवार, डॉ.मोतीराम हींगड़ा, मेराजराम जुईया, हरिकिशन बारूपाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
परिचालक के साथ मारपीट कर रुपए छीनने का मामला दर्ज
पोकरण. कस्बे के जैसलमेर रोड पर स्थित निजी बस स्टैण्ड पर बुधवार को सुबह एक बस परिचालक के साथ मारपीट कर रुपए छीनने पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार खींवसर नागौर के बिरलोका निवासी प्रेमसिंह पुत्र गणपतसिंह ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि वह एक निजी बस पर परिचालक है। बुधवार को सुबह वह जैसलमेर से बस लेकर नौ बजे पोकरण पहुंचा। यहां एक अन्य बस के स्टाफ पोकरण निवासी अरशदखां पुत्र अजीजखां, सिकंदर, सिकंदर का भाणेज, शेर मोहम्मद सहित 10-15 युवकों ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की। यहां आसपास खड़े लोगों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। आरोपितों ने उसकी जेब से साढ़े नौ हजार रुपए भी छीन लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।