- सीएलजी बैठक में कोरोना महामारी को लेकर दिया बचाव का संदेश
पोकरण. सामुदायिक संपर्क समूह सीएलजी की बैठक गुरुवार को पुलिस थाने में नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित के मुख्य आतिथ्य, पुलिस उपाधीक्षक अरविंदकुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें आगामी होली के त्यौहार, कोरोना संक्रमण की महामारी से बचाव, सरकारी गाइडलाइन की पालना को लेकर चर्चा की गई। थानाधिकारी माणकराम विश्रोई ने बैठक आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में होली का त्यौहार मनाया जाएगा। इस वर्ष कोरोना जैसी महामारी के चलते किसी भी त्यौहार व सार्वजनिक समारोह को लेकर राज्य सरकार की ओर से गाइडलाइन जारी की गई है। उन्होंने सभी लोगों से होली के दौरान भी गाइडलाइन का पालन करने, होली के त्यौहार के दौरान आपसी सद्भाव एवं भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने देश में बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा उसकी पालना सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि पूर्व में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे खराब हो जाने के कारण उन्हें हटा दिया गया है। उनके स्थान पर कस्बे में 18 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। उपाधीक्षक अरविंदकुमार ने सरकारी गाइडलाइन की पालना करते हुए त्यौहार को मनाने, सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करने, सैनेटाइजर का उपयोग करने, साबुन से हाथ धोने, आवश्यक रूप से मुंह पर मास्क लगाने, भीड़ भाड़ भरे क्षेत्रों से दूर रहने तथा गाइडलाइन की पालना नहीं करने पर पुलिस की ओर से जुर्माना लगाए जाने के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से राज.कोविड इन्फो नाम से एक एप्प बनाया गया है। जिस पर कोविड-19 से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने इस एप्प को अपने मोबाइलों में अपलोड करने करने की बात कही। नगरपालिका अध्यक्ष पुरोहित ने त्यौहारों के दौरान आपसी भाईचारा व सद्भाव बनाए रखने तथा पुलिस व प्रशासन को सहयोग करते हुए कोरोना जैसी महामारी से बचाव का आग्रह किया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने जयनारायण व्यास सर्किल से मदरसा व राजकीय अस्पताल तक सड़क पर बिगड़े यातायात हालातों पर चर्चा करते हुए सड़क के बीचोंबीच खड़े रहने वाले वाहनों, निजी व सरकारी बसों, टैक्सियों को हटाने व यातायात व्यवस्था सुचारु करने की मांग रखी। जिस पर पुलिस अधिकारियों ने यातायात प्रभारी सवाईसिंह तंवर को यातायात व्यवस्था सुचारु करने के आवश्यक निर्देश दिए। निजी बस स्टैंड व विश्रोई धर्मशाला के पास क्षतिग्रस्त शौचालयों को हटाने, उसके स्थान पर नए शौचालयों का निर्माण करवाने पर भी चर्चा की गई। पालिकाध्यक्ष पुरोहित ने भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही शौचालयों का नवनिर्माण किया जाएगा। बैठक में बाइक व अन्य छोटे वाहनों आदि की बढ़ रही चोरी की वारदातों को देखते हुए व्यापारियों से रात के समय चौकीदार लगाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी तौफिक अहमद, उपप्रधान मंजूरदीन मेहर, सहायक उपनिरीक्षक धन्नाराम विश्रोई, मुख्य आरक्षक प्रकाश विश्रोई, चौकी प्रभारी खेतसिंह सांखला, सुरेश नागौरा, अशोक दैया, प्रेम माली, लालसिंह पंवार, राधेश्याम पालीवाल, कैलाश राठी, कांताप्रसाद गांधी, मिश्रीलाल राठी, अशोक छंगाणी, रतन राठी, मोहम्मद अयूब, रेंवताराम भील, महेन्द्र माली, हंसराज सहित सदस्य उपस्थित रहे।