
जैसलमेर. रामदेवरा गांव में नाचना चौराहा पर ग्राम पंचायत की ओर से करवाए जा रहे नाली निर्माण के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से आपत्ति जताई, जिससे विवाद की स्थिति हो गई। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत की ओर से नाचना चौराहे जाने वाले सडक़ पर घांची धर्मशाला के पास गंदे पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण करवाया जा रहा है। मंगलवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पुखराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने यहां कार्य कर रहे श्रमिकों से कहा कि उनकी ओर से जो नाली निर्माण किया जा रहा है, वह सडक़ के लेवल से ऊपर है। ऐसे में सडक़ का पानी नालियों में न जाकर सडक़ पर ही जमा रहेगा। जिससे सडक़ क्षतिग्रस्त होगी। उन्होंने श्रमिकों को नाली निर्माण सडक़ के लेवल से नीचे व गुणवत्ता के साथ करने की बात कही, अन्यथा कार्य बंद करने के निर्देश दिए, लेकिन श्रमिकों ने कहा कि कार्य ग्राम पंचायत करवा रही है, इसलिए ग्राम पंचायत के निर्देश से ही कार्य रोका जाएगा। जिस पर सहायक अभियंता व श्रमिकों के बीच विवाद की स्थिति हो गई। मामला बढता देख यहां लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने भी सार्वजनिक निर्माण विभाग की अधिकांश सडक़ें क्षतिग्रस्त होने व उसकी समय पर मरम्मत नहीं करवाने का आरोप लगाते हुए सभी सडक़ों की मरम्मत करवाने की मांग की। मामला व विवाद बढता देख काफी देर तक बहसबाजी के बाद नाली निर्माण का कार्य बंद करने की बात कहकर सहायक अभियंता यहां से रवाना हो गए, लेकिन श्रमिकों ने नाली निर्माण का कार्य जारी रखा। देर शाम तक भी नाली निर्माण का कार्य चल रहा था।
दी सरकारी योजनाओं की जानकारी
लाठी. सूचना एवं प्रौद्योगिकी व संचार विभाग की ओर से शुरू की गई सुराज चौपाल वैन मंगलवार को गांव में पहुंची। टीम के प्रभारी महेन्द्र चौधरी ने बताया कि वैन के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। मंगलवार को स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नाटक, कठपुतली, ऑडियो, वीडियो के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सुपरवाइजर विक्रमसिंह, विष्णु, सुनील, मपाराम, सोनू चौधरी, मजीदखां, उदाराम विश्रोई, डूंगाराम विश्रोई, कमल पालीवाल, रामूराम सहित विद्यार्थी उपस्थित थे।