जैसलमेर

Donald Trump Daughter in Jaisalmer: टिफनी ट्रंप पहुंचीं सोनार दुर्ग, राजमहल की छत से निहारी स्वर्णनगरी

Donald Trump Daughter in Jaisalmer: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप ने जैसलमेर के विश्व प्रसिद्ध सोनार दुर्ग का दौरा कर स्वर्णनगरी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखा। पति माइकल बोलोस और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचीं टिफनी ने राजमहल की छत से जैसलमेर का विहंगम नजारा निहारा, जबकि उनकी यात्रा को लेकर शहर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली।
2 min read
May 31, 2026
Donald Trump Daughter in Jaisalmer
डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप सोनार किले की छत पर (फोटो-पत्रिका)

जैसलमेर। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की छोटी बेटी टिफनी ट्रंप ने रविवार शाम करीब 5 बजे ऐतिहासिक सोनार दुर्ग के राजमहल स्थित छत से स्वर्णनगरी का विहंगावलोकन किया। इससे पहले वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोनार दुर्ग पहुंची। अखे प्रोल से उन्हें और उनके पति को बैटरी से संचालित ई-गोल्फ कार्ट में बैठा कर दुर्ग ले जाया गया। इससे पहले टिफनी रविवार पूर्वाह्न विशेष विमान से जैसलमेर पहुंची। उनके साथ पति माइकल बोलोस और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी जैसलमेर पहुंचे हैं।

टिफनी की यात्रा के मद्देनजर सिविल एयरपोर्ट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस सहित अन्य सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों के साथ अमेरिकी एजेंसियों के लोग भी उनकी सुरक्षा में नजर आए। एयर डिफेंस सिस्टम तक तैनात किया गया था। यहां सिविल एयरपोर्ट से बाहर आते समय खुश नजर आ रही टिफनी गाड़ी में बैठ कर सीधे सम मार्ग स्थित सितारा होटल पहुंची। जहां उनका पारम्परिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। करीब 11.15 बजे होटल पहुंची टिफनी ने शाम तक वहीं विश्राम किया।

जैसलमेर दुर्ग स्थित राजमहल में अपनी टिप्पणी लिखती टिफनी ट्रम्प।

दुर्ग भ्रमण कर निहारा कलात्मक सौंदर्य

सोनार दुर्ग पहुंचने पर उन्होंने विश्व प्रसिद्ध जैसलमेर दुर्ग स्थित जैसलमेर फोर्ट पैलेस म्यूजियम का भ्रमण कर यहां की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को करीब से जाना। पूर्व राजघराना सदस्य चैतन्यराज सिंह ने उनका स्वागत किया। टिफनी और उनके साथ आए लोगों ने दुर्ग के राजमहल में बने म्यूजियम को देखा। जैसलमेरी कला-संस्कृति के जानकार विजय बल्लाणी ने परम्परागत वेशभूषा में टिफनी को जैसलमेर के बारे में अवगत करवाया। अमेरिकी दल ने दुर्ग के राजमहल की छत पर पहुंच कर वहां से शहर का अवलोकन किया। उन्हें रियासतकाल में दुर्ग की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बताया गया और राजमहल में किए जाने वाले सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी गई।

जैसलमेर की सांस्कृतिक विरासत की सराहना

यहां प्राचीन पद्धति से ऊंट के जरिए निर्माण कार्य के लिए चूना तैयार किए जाने की प्रक्रिया को टिफनी और उनके पति के साथ सर्जियो गोर ने दिलचस्पी के साथ देखा और इसकी सराहना की। म्यूजियम के निदेशक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टिफनी ट्रंप, माइकल बोलोस एवं अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ कलाकृतियों, राजसी वस्तुओं, ऐतिहासिक दस्तावेजों तथा राजपरिवार से जुड़ी अमूल्य धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने जैसलमेर की स्थापत्य कला, सांस्कृतिक विरासत और संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों में विशेष रुचि दिखाई तथा उनकी सराहना की।

बुलेटप्रूफ गाड़ियों का रहा काफिला

जैसलमेर पहुंची टिफनी और उनके पति की सुरक्षा के मद्देनजर सिविल एयरपोर्ट के बाहर बुलेटप्रूफ गाड़ियों का काफिला तैनात रहा। एयरपोर्ट के बाहर एयर डिफेंस सिस्टम आकाश भी तैनात किया गया। होटल के बाहर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। टिफनी के स्वागत में लोक कलाकारों ने गायन और नृत्य पेश किया। उनकी सुरक्षा में भारत व अमेरिका की एजेंसियां सक्रिय नजर आईं। बताया जाता है कि टिफनी ट्रंप और उनके पति सोमवार शाम 4 बजे जैसलमेर से लौटेंगे।

Updated on:
31 May 2026 09:13 pm
Published on:
31 May 2026 09:13 pm