- अल्पसंख्यक मामलात मंत्री ने किया नहरी क्षेत्र का दौरा- पर्याप्त पानी, डीएपी व यूरिया उपलब्ध करवाने के लिए किया निर्देशित
पोकरण. राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग के मंत्री व पोकरण विधायक शाले मोहम्मद ने बुधवार को नहरी क्षेत्र का दौरा किया तथा किसानों व ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। मंत्री शाले मोहम्मद ने बुधवार को छह की ढाणी, रेहरूण्ड, जेजे टेल, घंटियाली सहित पोकरण विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित नहरी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों व किसानों से मुलाकात कर समस्याएं सुनी। जिस पर किसानों ने मूंगफली की फसल बीजाई के लिए डीएपी, यूरिया, बीज समय पर उपलब्ध करवाने, नहर से सिंचाई व पीने का पानी मुहैया करवाने सहित अन्य समस्याओं से अवगत करवाया। जिस पर मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि सरकार आमजन के साथ किसानों के हितों का विशेष ख्याल रख रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रत्येक समस्याओं का समय पर निराकरण किया जाएगा, ताकि उन्हें कोई परेशानी नहीं हो और उनकी फसल की समय पर बुआई व सिंचाई हो सके।
दुकानें खोलकर सामान दिलाने व पानी मुहैया करवाने के दिए निर्देश
मंत्री शाले मोहम्मद ने नहरी क्षेत्र के दौरे के दौरान बताया कि वर्तमान में मूंगफली की बीजाई का समय है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण सरकार की ओर से त्रि-स्तरीय जन अनुशासन पखवाड़ा चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है तथा दुकानें भी बंद है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रशासन से बातचीत की गई है तथा डीएपी, खाद, यूरिया व किसाानों की आवश्यकता का समस्त सामान उन्हें समय पर उपलब्ध करवाने के लिए निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि यदि समय निकल गया, तो किसानों के मूंगफली की बीजाई नहीं हो पाएगी। इसी को लेकर प्रयास किए जा रहे है तथा समय पर दुकानें खुलवाकर किसानों को सामान मुहैया करवाया जाएगा, ताकि वे समय पर बुआई कर सके। इसी प्रकार उन्होंने बताया कि नहरबंदी के कारण किसानों के पेयजल व सिंचाई के पानी की समस्या उत्पन्न हो रही है। जिसको लेकर उन्होंने बीकानेर नहर विभाग के अधिकारियों से बातचीत की तथा किसानों को समय पर सिंचाई व पीने का पानी मुहैया करवाने के निर्देश दिए।
किसान करके रखें तैयारी
मंत्री शाले मोहम्मद ने बताया कि हरिके बांध से 27-28 मई को पानी छोड़ा जाएगा। इसके बाद एक सप्ताह में पानी जिले के नहरी क्षेत्र में पहुंचेगा। उन्होंने नहरी क्षेत्र के किसानों को अभी से तैयारी में जुट जाने तथा नहर का पानी मिलने पर उसका भंडारण तथा सिंचाई व पेयजल के रूप में उपयोग लेने की बात कही है। उन्होंने बताया कि नहर का पानी मिलने पर मूंगफली की बीजाई में सुविधा मिलेगी।