जैसलमेर

JAISALMER NEWS- यहां पिता-पुत्र गिरफ्तार, वहां विवाहिता के साथ हुई मारपीट, फिर पुलिस ने….

जैसलमेर की क्राइम खबर

2 min read
Jaisalmer patrika
Patrika news


धोखाधड़ी के आरोप में पिता व दो पुत्र गिरफ्तार

पोकरण (जैसलमेर). सांकड़ा पुलिस ने जमीन का सौदा कर उसकी बेचान राशि प्राप्त करने के बाद दस्तावेज पंजीयन नहीं करवाने पर धोखाधड़ी के आरोप में पिता-पुत्र सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया। थानाप्रभारी नींबसिंह ने बताया कि दो माह पूर्व सनावड़ा निवासी चैनसिंह भाटी ने मामला दर्ज करवाया गया था कि सनावड़ा निवासी तखतसिंह उर्फ तगसिंह पुत्र सुल्तानसिंह व उसके पुत्र भोमसिंह व सवाईसिंह ने गांव में स्थित अपनी भूमि का उसके साथ सौदा किया। उसकी ओर से खरीदी गई जमीन की कीमत की राशि साढ़े पांच लाख रुपए का तखतसिंह, भोमसिंह व सवाईसिंह को भुगतान कर दिया गया। उनकी ओर से कहेनुसार एक लाख 47 हजार रुपए के स्टाम्प पर विक्रय लेख भी लिखवा दिया गया। इस तरह उसकी ओर से करीब सात लाख रुपए की राशि खर्च की गई। तखतसिंह व उसके दोनों पुत्र जमीन का बेचाननामा पंजीबद्ध करवाने के लिए उपपंजीयन कार्यालय पोकरण भी पहुंचे, लेकिन बेचाननामा पंजीयन करवाने से पूर्व थोड़ी देर में आने का कहकर उपपंजीयन कार्यालय से निकल गए। कई बार कहने के बावजूद भी उन्होंने न तो बेचाननामा पंजीयन करवाया, न ही उसे जमीन की राशि साढ़े पांच लाख रुपए लौटाई। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान किया। पुलिस ने रविवार को तखतसिंह व उसके दोनों पुत्रों को धोखाधड़ी करन व अमानत में खयानत के आरोप में गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया। जहां उन्हें गहन पूछताछ के लिए एक दिन तक पुलिस अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए गए।

IMAGE CREDIT: patrika

विवाहिता को बंधक बना मारपीट का मामला दर्ज
पोकरण कस्बे के चौधरियों की गली निवासी एक विवाहिता ने अपने ही सास-ससुर व ननंद-ननदोई के विरुद्ध बंधक बना मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया। पुलिस के अनुसार कविता पत्नी मोतीलाल लखारा ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में परिवाद पेश कर बताया कि उसके ससुर सुखदेव व सास कमला आए दिन उससे मारपीट व गाली-गलौज करते हैं। गत दिनों उसका पति जोधपुर सामान लेने गया था। इस दौरान उसके सास-ससुर ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान उसकी ननद अरुणा व ननदोई ओमप्रकाश ने भी उसे घर से निकालने व मकान बेच देने का बता कर उनका साथ दिया। आए दिन मारपीट की बात अपने पीहर पक्ष को बताने पर उन्होंने समाज के लोगों के सामने उनसे समझाइश की, लेकिन वे लगातार उसे परेशान कर रहे हैं।

मारपीट कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया
पोकरण कस्बे में एक युवक के साथ मारपीट कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार स्थानीय वाल्मिकी बस्ती निवासी वीरु पुत्र देवाराम ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि गत दिनों अपने पड़ौस में निवास कर रहे गफारशाह ने उसे फोन कर अपने घर बुलाया। यहां आने पर उसने उसके साथ गाली गलौज कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Published on:
22 May 2018 10:47 pm