29 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: राष्ट्रीय मरु उद्यान में अतिक्रमण पर कार्रवाई, 55 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी पहुंचे

राष्ट्रीय मरु उद्यान में वन्यजीव आवास और राजकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई की। फतेहगढ़ के चांदनगढ़ क्षेत्र में झोंपे, पशु बाड़े, टांके और अन्य निर्माण हटाकर अतिक्रमित भूमि मुक्त कराई गई। वन विभाग और पुलिस के 55 से 60 अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी में अवैध फसल भी नष्ट की गई।
2 min read
Google source verification
jaisalmer news

डीएनपी में अतिक्रमण हटाते हुए।

जैसलमेर. राष्ट्रीय मरु उद्यान क्षेत्र में राजकीय भूमि और वन्यजीव आवास के संरक्षण के लिए वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की। फतेहगढ़ तहसील के चांदनगढ़ क्षेत्र में अभियान चलाकर राजकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे और निर्माण हटाए गए। उप वन संरक्षक, वन्यजीव जैसलमेर चन्द्रपालसिंह चौहान के आदेश और सहायक वन संरक्षक, वन्यजीव अशोक सिंह के निर्देशन में कार्रवाई हुई। मौके पर क्षेत्रीय वन अधिकारी जगमालसिंह, अश्कर अली सहित वन विभाग और पुलिस के करीब 55 से 60 अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।कार्रवाई के दौरान राष्ट्रीय मरु उद्यान की राजकीय भूमि पर बनाए गए कच्चे-पक्के झोंपे, पशु बाड़े, टांके और अन्य निर्माण हटाए गए। अतिक्रमित भूमि पर खड़ी अवैध फसल भी नष्ट की गई। इसके बाद भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

नोटिस के बाद नहीं साबित हुआ वैध अधिकार

विभाग के अनुसार संबंधित लोगों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 34-ए के तहत पहले नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें भूमि पर अपना वैध अधिकार प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वे अपना अधिकार साबित नहीं कर सके। इसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

पुलिस जाब्ता भी रहा तैनात

कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराने के लिए झिनझिनयाली, म्याजलार और सांगड़ पुलिस थानों से जाब्ता तैनात किया गया। पुलिस दल का नेतृत्व सीआइ सुमेरसिंह ने किया। अभियान के दौरान वन्यजीव आवास और राजकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने पर फोकस रहा।

नगर परिषद में विशेष शिविर कल, पीएम स्वनिधि पर जोर

जैसलमेर @ पत्रिका. विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत पीएम स्वनिधि योजना के लिए विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 1 अक्टूबर को नगर परिषद प्रांगण में विशेष शिविर आयोजित होगा। शिविर में आमजन को विभिन्न केंद्रीय व राज्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, साथ ही पात्र लाभार्थियों की पहचान, पंजीयन और लाभान्वयन किया जाएगा। नगर परिषद आयुक्त पवन कुमार ने बताया कि पीएम स्वनिधि लाभार्थी स्ट्रीट वेंडर्स शहर के मुख्य स्थानों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन भी करेंगे। शिविर में पात्र स्ट्रीट वेंडर्स की पहचान कर आवेदन लिए जाएंगे। लंबित आवेदनों का परीक्षण कर बैंक शाखाओं को भेजा जाएगा। बैंक द्वारा लौटाए गए या लंबित आवेदनों का निस्तारण प्राथमिकता से होगा और पात्र प्रकरणों में ऋण स्वीकृति व वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। प्रथम, द्वितीय और तृतीय ऋण के लिए आवेदन तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। स्वनिधि से समृद्धि के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स व उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। आयुक्त पवन कुमार ने आमजन से अपील की है कि 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक नगर परिषद कार्यालय प्रांगण में पहुंचकर योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।