
रामदेवरा. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में फोगिंग स्प्रे करवाया गया। गत एक पखवाड़े से चल रहे बाबा रामदेव के मेले के चलते लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन के कारण जगह-जगह गंदगी जमा हो गई तथा यहां मच्छर व मक्खियों के पनपने तथा बीमारियां फैलने के खतरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से फोगिंग स्प्रे करवाया गया। मेलाधिकारी अनिलकुमार जैन ने बताया कि फोगिंग स्प्रे का कार्य मेला संपन्न होने तक जारी रहेगा।
समस्याएं अपार, जन एजेंडा ही होगा ‘उपचार’
जैसलमेर. जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में आजादी के 70 साल बाद भी कई विकट समस्याएं मौजूद हैं। इस दौरान विभिन्न पार्टियों की सरकारें राजस्थान में सत्ता में आई और गई, लेकिन ये समस्याएं आज भी अस्तित्व में हैं। इनसे निजात पाने का एकमात्र तरीका ‘जन एजेंडा’ ही है। जो भी राजनीतिक दल चुनावों में वोट मांगने आए उन्हें इस एजेंडा से अवगत करवाया जाए और उन्हें जन एजेंडा को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। यह विचार रविवार को जैसलमेर की होटल सनसाइन में राजस्थान पत्रिका की ओर से स्वच्छ राजनीति के उद्देश्य से चलाए जा रहे गेमचेंजर अभियान के तहत आयोजित जन एजेंडा निर्माण संबंधी बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने व्यक्त किए। इस मौके पर मौजूद चेंजमेकर, वॉलिंटियर्स तथा विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों ने शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, नहरी पानी, सडक़, बिजली, विरासत संरक्षण, रोजगार, उद्योग आदि के संबंध में विचार व्यक्त किए।
विधानसभा चुनाव - 2018
चाही गई विभागीय सूचना तत्काल एनआईसी में भिजवाने के निर्देश
जैसलमेर. चाही गई विभागीय सूचना तत्काल एनआइसी में भिजवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा गया है। निर्वाचन विभाग जैसलमेर की ओर से कार्यालय में कार्यरत पदाधिकारी एवं कार्मिकों की निर्धारित प्रपत्र में डाटा तैयार कर तत्काल निर्धारित प्रपत्र में निर्वाचन बाबत पूर्ण सूचना चाही गई है, जो अभी तक कई आहरण-वितरण विभागीय अधिकारियों ने संबंधित पोर्टल पर फीड कर विज्ञान भवन जैसलमेर (एनआईसी) में प्रेषित नहीं की है, उसे अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। मुख्य आयोजना अधिकारी जैसलमेर डॉ. बीएल मीना ने ऐसे विभागीय अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे आगामी चुनाव कार्यो की महत्ता को समझते हुए चाही गई सूचना निर्धारित प्रपत्र में अपडेट की जाकर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी कार्यालय में शीघ्र तैयार कर भिजवाने को कहा है। गौरतबल है कि अन्यथा यह निर्वाचन संबंधी सूचना समय रहते नहीं भेजने वाले आहरण-वितरण अधिकारियों के समस्त प्रकार के विभागीय विपत्र ट्रेजरी द्वारा ऑनलाइन पारित नहीं किए जा सकेंगे।