जैसलमेर

Jaisalmer Weather- heat wave: जैसलमेर: 46.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर बना

सीमावर्ती जैसलमेर प्रचंड गर्मी के मामले में अप्रेल माह में ही प्रतिदिन नए रिकॉर्ड कायम कर रहा है।

2 min read
Apr 29, 2025

सीमावर्ती जैसलमेर प्रचंड गर्मी के मामले में अप्रेल माह में ही प्रतिदिन नए रिकॉर्ड कायम कर रहा है। मंगलवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सै. रिकॉर्ड किया गया, जो देश भर में सर्वाधिक माना जा रहा है। उसके बाद राजस्थान के फलोदी और बाड़मेर शहर क्रमश: 45.8 और 45.7 डिग्री के साथ दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं। इसी तरह से जैसलमेर का न्यूनतम तापमान भी बढकऱ 28.1 डिग्री तक बढ़ गया है। अधिकतम तापमान के मामले में जैसलमेर सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा गर्म है। जैसलमेर में 1969 के बाद अप्रेल माह में पारा 46.3 डिग्री तक पहुंचा है और इस तरह से 56 साल का रिकॉर्ड टूटा है। विगत कुछ वर्षों का जिक्र किया जाए तो साल 2018 में जैसलमेर में 30 अप्रेल को 46.1 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 तारीख यानी बुधवार को भी जैसलमेर में हीटवेव का यलो अलर्ट है और तापमान 46 या बढ़ कर 47 डिग्री तक भी ऊंचाई छू सकता है।

आसमान से बरसी आग

स्वर्णनगरी में मंगलवार को आसमान से धूप की बजाए मानो आग ही बरसी। खुले में जो भी व्यक्ति या वस्तु रही, वह कुछ मिनटों में तप रही थी। शरीर पर पहने हुए कपड़े इतने तपे मानो किसी व्यक्ति का बदन बुखार से तप रहा हो। दोपहर में सडक़ों पर निकलना मुहाल हो गया। भीषण गर्मी के बीच तन झुलसाने वाली लू से हर कोई बेहाल नजर आया। राजकीय अवकाश होने के कारण अधिकांश लोग दोपहर में अपने घरों या छायादार स्थानों तक सिमटे रहे। जरूरी कार्यवश सडक़ों पर निकले लोगों का भीषण गर्मी ने कड़ा इम्तिहान लिया। सुबह से तीखी धूप होने की वजह से छतों पर रखी टंकियों का पानी गरम हो गया। जिससे स्नान करना तक मुश्किल हो गया। पंखों से गरम हवा के थपेड़े लगते महसूस हुए। एकल छत या पहली मंजिल पर बने कमरों में कूलर तो दूर एयरकंडीशनर की हवा भी ज्यादा शीतल महससू नहीं हुई। शहर भ्रमण पर बहुत कम संख्या में नजर आए विदेशी सैलानी इस कदर गर्मी के चलते सहमे हुए दिखे। उन्होंने हाथों में छाते थामे हुए थे और सिर पर टोपी व चेहरे पर चश्में लगा कर रेगिस्तानी क्षेत्र की गर्मी का सामना करने का प्रयास किया। वे दोपहर होने से पहले ही अपनी होटलों के कमरों में लौट गए।

Published on:
29 Apr 2025 08:49 pm
Also Read
View All

अगली खबर