जैसलमेर

जैसलमेर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पीहर पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

जैसलमेर जिले के लाठी कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि विवाहिता को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः उसे जबरन विषाक्त पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या कर दी गई।
2 min read
Jul 03, 2026
married woman suspicious death
फोटो पत्रिका नेटवर्क

जैसलमेर। लाठी कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि विवाहिता को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः उसे जबरन विषाक्त पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। मामले में पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र के कानासर निवासी मूलाराम भील ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पुत्री केसर का विवाह करीब दो वर्ष पहले लाठी निवासी पप्पूराम भील के साथ हुआ था। विवाह के समय परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार गहने और घरेलू सामान दिया था। विवाह के बाद केसर ने एक पुत्र को जन्म दिया, जिसकी उम्र करीब एक वर्ष बताई गई है।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही पति पप्पूराम, ससुर जेठाराम, सास मूमल, जेठ बीरबलराम, अशोकराम, ननद गुड्डी, ननदोई रमेश कुमार तथा जेठानियों ने कम दहेज लाने की बात कहकर केसर को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी और ताने देकर परेशान किया जाता था।

परिजनों का आरोप- जबरन विषाक्त पदार्थ पिलाया

परिजनों ने आरोप लगाया कि पप्पूराम शराब का आदी है और घर में उसका अक्सर विवाद होता था। विरोध करने पर केसर के साथ मारपीट की जाती थी। रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को पति और अन्य आरोपियों ने मिलकर केसर को जबरन विषाक्त पदार्थ पिला दिया। इसके बाद फोन कर पीहर पक्ष को सूचना दी गई कि केसर ने जहर खा लिया है और उसे ले जाएं।

बताया गया कि हालत बिगड़ने पर पहले केसर को लाठी के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पोकरण रेफर किया गया। पोकरण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामला दर्ज

पीहर पक्ष का कहना है कि ससुराल पक्ष को कई बार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई। इसी प्रताड़ना के कारण उनकी पुत्री की जान चली गई। पुलिस ने लिखित रिपोर्ट के आधार पर दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पोकरण वृत्ताधिकारी बुद्धाराम विश्नोई कर रहे हैं। जांच के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
03 Jul 2026 07:31 pm