2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaisalmer: एटीवीएम मशीनों से रेल टिकट आसान, कतारें घटीं… यात्रियों का समय अब बचा

जैसलमेर. उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्रियों को त्वरित और कतार-मुक्त टिकटिंग सुविधा देने के लिए 43 स्टेशनों पर 65 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) प्रभावी रूप से संचालित हैं। इन मशीनों से यात्री स्वयं जनरल, प्लेटफॉर्म और सीजन टिकट सहित विभिन्न अनारक्षित टिकट आसानी से प्राप्त कर रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में एटीवीएम से 56.52 लाख से अधिक टिकट जारी हुए, जबकि चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में ही 16.91 लाख टिकट जारी कर 24.23 लाख रुपए का राजस्व अर्जित किया जा चुका है।
2 min read
Google source verification
jaisalmer railway

एटीवीएम मशीनों से रेल टिकट आसान

जैसलमेर. उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्रियों को त्वरित, सरल और सुविधाजनक टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 43 रेलवे स्टेशनों पर 65 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) संचालित हैं। इन मशीनों के माध्यम से यात्री बिना टिकट काउंटर की लंबी कतार में लगे स्वयं अनारक्षित (जनरल) टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, सीजन टिकट का नवीनीकरण तथा अन्य अनारक्षित टिकटिंग सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर रहे हैं। इससे टिकट वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनी है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि एटीवीएम मशीनों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। यात्रियों की बढ़ती भागीदारी से स्टेशन परिसरों में टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होने के साथ टिकट लेने में लगने वाला समय भी घटा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में एटीवीएम मशीनों से 56 लाख 52 हजार 739 टिकट जारी किए गए, जिनसे 71.68 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में एक अप्रैल से 30 जून तक 16 लाख 91 हजार 132 टिकट जारी किए जा चुके हैं। इस अवधि में 24.23 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि एटीवीएम मशीन का संचालन बेहद सरल है। यात्री सबसे पहले हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा का चयन करते हैं। इसके बाद अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट या सीजन टिकट नवीनीकरण का विकल्प चुनकर गंतव्य स्टेशन का नाम अथवा स्टेशन कोड दर्ज किया जाता है। यात्रियों की संख्या, ट्रेन का प्रकार और अन्य आवश्यक विवरण भरने के बाद स्क्रीन पर प्रदर्शित जानकारी का मिलान कर स्मार्ट कार्ड, यूपीआइ अथवा क्यूआर कोड से भुगतान किया जा सकता है। भुगतान सफल होते ही टिकट स्वतः प्रिंट होकर उपलब्ध हो जाता है।

एटीवीएम मशीन पर टिकट प्रिंट कराने की सुविधा

रेलवन मोबाइल ऐप के माध्यम से पेपर टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भी एटीवीएम मशीन पर टिकट प्रिंट कराने की सुविधा मिल रही है। इसके लिए प्रिंट बुक्ड टिकट विकल्प का चयन कर मोबाइल नंबर अथवा बुकिंग विवरण दर्ज करना होता है, जिसके बाद टिकट का प्रिंट तुरंत प्राप्त हो जाता है।

यात्रियों को तेज, पारदर्शी तथा आधुनिक टिकटिंग सुविधा का लाभ

रेल प्रशासन ने यात्रियों से एटीवीएम मशीनों का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की है। इससे समय की बचत होगी, टिकट काउंटरों पर अनावश्यक भीड़ कम होगी और यात्रियों को तेज, पारदर्शी तथा आधुनिक टिकटिंग सुविधा का लाभ मिलेगा। आवश्यकता पड़ने पर स्टेशन पर तैनात रेलकर्मियों अथवा एटीवीएम सुविधा सहायकों से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।