जैसलमेर

जैसलमेर के मोहनगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की मौके पर मौत

Jaisalmer Road Accident: जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ में रामपुरा रोड स्थित बालिका स्कूल के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सागर (28) और सुरेंद्र (20) के रूप में हुई।
2 min read
Jun 25, 2026
Jaisalmer Mohangarh Road Accident
मृतक सुरेंद्र और सागर (पत्रिका फोटो)

Jaisalmer Mohangarh Road Accident: मोहनगढ़ (जैसलमेर): रामपुरा रोड स्थित बालिका स्कूल के पास बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों सागर और सुरेंद्र की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार सागर (28 वर्ष) और सुरेंद्र (20 वर्ष) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मोहनगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को निजी वाहन की मदद से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जुटी लोगों की भीड़

मोहनगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दर्दनाक हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे का मुख्य कारण रात के समय मौसम का अत्यधिक खराब होना बताया जा रहा है। फिलहाल, दोनों मृतकों के शवों को स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमॉर्टम करवाने की प्रक्रिया हुई।

मोहनगढ़ SHO गीता विश्नोई के अनुसार, भील बस्ती निवासी सागर, धामू एग्रीकल्चर वर्कशॉप में काम करता था। बुधवार रात करीब 10 बजे वर्कशॉप मालिक का 17 वर्षीय बेटा सुंदर, सागर को बाइक से उसके घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुंदर और सागर दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक सागर अपने पीछे चार छोटे-छोटे बेटों को छोड़ गया है, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ चुका है। सागर के पांच भाई हैं, जिनमें से एक पाकिस्तान में रहता है। दुखों का पहाड़ यहीं नहीं टूटा; करीब 10 साल पहले सागर के पिता गवराराम की भी फलोदी के पास ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई थी। वहीं, 18 साल के सुंदर की अचानक मौत से उसके परिवार में भी कोहराम मच गया है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना का कारण बनी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया और गुरुवार सुबह करीब 9 बजे फरार आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस आरोपी चालक से कड़ी पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद से पूरे मोहनगढ़ कस्बे में शोक की लहर है।

Updated on:
25 Jun 2026 11:52 am
Published on:
25 Jun 2026 09:11 am