
रोहट एरिया के बागडिया गांव में दो युवकों की पिटाई के बाद सुबह मौके पर मौजूद लोग (पत्रिका फोटो)
Pali Crime News: पाली: रोहट क्षेत्र के बागडिया गांव में अमानवीयता की हदें पार करते हुए ग्रामीणों ने दो युवकों को चोर बताकर पूरी रात बंधक बनाए रखा और उन पर कहर बरपाया। सुबह पुलिस ने जब मामले की जांच की, तो सच्चाई जानकर सबके होश उड़ गए दोनों युवक चोर नहीं, बल्कि रिश्तेदार थे।
पुलिस के अनुसार, अबकीया की ढाणी निवासी मलाराम बावरी और खारड़ा निवासी गोविंद बावरी सोमवार रात बाइक से बागडिया गांव जा रहे थे। मलाराम का यहां ससुराल है, जबकि गोविंद अपने ननिहाल आया था।
इसी बीच गांव में पिछले कुछ दिनों से हो रही चोरियों से परेशान ग्रामीण गश्त कर रहे थे। दोनों युवकों की बाइक पर नंबर प्लेट न होने के कारण ग्रामीणों को उन पर शक हो गया। फिर क्या था, ग्रामीणों ने बिना किसी पूछताछ के दोनों को दबोच लिया।
आरोप है कि गांव के मुनाराम, कुलदीप और जगदीश सहित करीब 15 लोगों ने दोनों युवकों को लोहे की खिड़की से रस्सियों से बांध दिया। रात भर उन पर लाठी और लोहे के सरियों से जानलेवा हमला किया। युवक गिड़गिड़ाते रहे और कहते रहे के हम चोर नहीं, बल्कि रिश्तेदार हैं। लेकिन किसी ने उनकी एक न सुनी।
जब पीड़ित के परिजन तुलसी और संतोष उन्हें छुड़ाने पहुंचे, तो उनके साथ भी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर दुर्व्यवहार किया गया। मंगलवार सुबह सूचना मिलते ही रोहट पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को छुड़ाया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले उन्हें रोहट अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बांगड़ अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष की ओर से शंकरलाल बावरी ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। रोहट थानाधिकारी ने बताया कि इस बर्बरता में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इधर, घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है।
Updated on:
24 Jun 2026 02:00 pm
Published on:
24 Jun 2026 01:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
