जैसलमेर

जैसलमेर में उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस का कब्जा, पूर्व विधायक का बेटा हरीश धनदे निर्विरोध निर्वाचित

Jaisalmer Up Zila Pramukh: राजस्थान के जैसलमेर में जिला प्रमुख के बाद अब उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस के हरीश धनदे गुरुवार को निर्विरोध उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 12:11 PM IST
harish dhande
जैसलमेर में हरीश धनदे निर्विरोध उप जिला प्रमुख निर्वाचित। फोटो: पत्रिका

Jaisalmer Deputy Zila Pramukh Harish Dhande: जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर में जिला प्रमुख के बाद अब उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस के हरीश धनदे गुरुवार को निर्विरोध उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। हरीश पूर्व विधायक रूपाराम धनदे के बेटे हैं। उप जिला प्रमुख पद के लिए उनके अलावा किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। ऐसे में मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

36 वर्षीय हरीश धनदे बीटेक इंजीनियर हैं। वे इससे पहले भी जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। इस बार उन्होंने जैसलमेर जिला परिषद के वार्ड नंबर एक से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सांवलाराम को 1141 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी। अब कांग्रेस ने उन्हें उप जिला प्रमुख बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों निर्विरोध निर्वाचित

जैसलमेर जिला परिषद में बुधवार को कांग्रेस की संतोष कुमारी निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुई थीं। महज 21 वर्ष की उम्र में जिला प्रमुख बनने वाली संतोष कुमारी प्रदेश की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुखों में शामिल हैं। जैसलमेर जिला परिषद की कुल 21 सीटों में से कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा के खाते में महज एक सीट आई थी। अब जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर कांग्रेस के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

21 वर्षीय संतोष कुमारी (Photo-Patrika)

प्रदेश की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख संतोष कुमारी

जैसलमेर जिला परिषद के जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस की संतोष कुमारी भील निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। 21 वर्ष 19 दिन की उम्र में इस पद तक पहुंचीं संतोष कुमारी प्रदेश की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बताई जा रही है। उनके निर्वाचन में कांग्रेस के भारी बहुमत के साथ चुनाव कार्यक्रम का चौथा चरण भी निर्णायक साबित हुआ। यदि जैसलमेर में चुनाव प्रथम चरण में होते तो उम्र की निर्धारित पात्रता पूरी नहीं होने के कारण वे जिला परिषद सदस्य का चुनाव भी नहीं लड़ पातीं।