
राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक और राजीविका के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार शाम को जोधपुर रोड स्थित होटल में आयोजित भव्य ऋण वितरण समारोह में जिले की 1786 महिलाओं को 13 करोड़ रुपए से अधिक की ऋण राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर थे। मंत्री दिलावर ने कहा कि मरुस्थलीय जैसलमेर में महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह पहल एक क्रांतिकारी कदम है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि स्वरोजगार की मिसाल भी बन रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए समूहों से इनका अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
समारोह में 700 से अधिक महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिन्होंने बैंक से ऋण प्राप्त कर छोटे-छोटे व्यवसायों के जरिए आत्मनिर्भर बनने की प्रेरक शुरुआत की। मंत्री ने जिले को प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि हर ग्राम पंचायत को सफाई के लिए सरकार की ओर से राशि प्रदान की जा रही है, जिसे जिम्मेदारी से खर्च किया जाना चाहिए, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी। समारोह में विधायक छोटूसिंह भाटी ने मरुधरा बैंक और राजीविका के प्रयासों की सराहना करते हुए जैसलमेर की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने जनसंख्या वृद्धि को अवसर बताते हुए ग्रामीणों को स्वरोजगार अपनाने की प्रेरणा दी। मरुधरा बैंक के अध्यक्ष मुकेश भारतीय ने बैंक की ओर से दी जा रही सेवाओं की जानकारी दी और कहा कि महिलाओं को हर सरकारी योजना का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। संचालन संदीप व्यास ने किया।