जैसलमेर

Ramdevra Mela: राजस्थान के रामदेवरा मेले में लगी भीषण आग, समय रहते काबू पाने से टला बड़ा हादसा

बाबा रामदेव मेले की तैयारियों के बीच सोमवार को रामदेवरा मेला मैदान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पोखरण रोड स्थित एक जनरल स्टोर और डेयरी की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची उठती लपटों को देखकर आसपास के व्यापारियों और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।
2 min read
Sep 07, 2026
massive fire breaks out at rajasthan ramdevra fair
रामदेवरा मेले में लगी भीषण आग (पत्रिका फोटो)

Ramdevra Mela Fire News: रामदेवरा (जैसलमेर): लोकदेवता बाबा रामदेव के वार्षिक मेले की तैयारियों के बीच सोमवार को रामदेवरा स्थित मेला मैदान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। पोखरण रोड पर स्थित एक जनरल स्टोर एवं डेयरी की दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान से उठती ऊंची लपटों को देख आसपास मौजूद दुकानदारों और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस, दमकल टीम और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

लोगों के प्रयास से पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बिना समय गंवाए अपने स्तर पर आग पर पाने के प्रयास शुरू किए। मेला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर तैनात दमकल वाहन को तत्काल सूचित किया गया। सूचना के बाद दमकल की गाड़ी बिना देरी किए मौके पर पहुंची और अग्निशमन कर्मियों ने कार्रवाई करते हुए आग पर पानी की बौछारें शुरू कर दीं। लोगों के प्रयासों के चलते कुछ ही समय में लपटों को पूरी तरह शांत कर दिया गया।

टला बड़ा हादसा

मेला मैदान का क्षेत्र बेहद संकरा होने और दुकानों के पास-पास स्थित होने के कारण यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो लपटें आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थीं। इससे मेले की तैयारियों के बीच बड़ा अग्निकांड होने की पूरी आशंका थी। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही डिस्कॉम की टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी, जिससे किसी भी प्रकार के विद्युत करंट के बड़े खतरे को टाल दिया गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

जानकारी के अनुसार, दुकान में मौजूद विद्युत उपकरणों में आई किसी तकनीकी खामी (शॉर्ट सर्किट) को आग का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का सटीक आकलन पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएगा। फिलहाल, आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

गौरतलब है कि बाबा रामदेव मेले के आयोजन से ठीक पहले रामदेवरा क्षेत्र में आग लगने की यह दूसरी घटना है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को देखते हुए अब मेला क्षेत्र में फायर सेफ्टी और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता जताई जा रही है।

Updated on:
07 Sept 2026 08:02 pm
Published on:
07 Sept 2026 07:48 pm