
जैसलमेर. जिले के फतेहगढ़ उपखंड क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय छोडिय़ा के करीब 80 विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में है। जानकारी के अनुसार विद्यालय में पूर्व में दो अध्यापक कार्यरत थे, जिसमें से गत दिनों हुई स्थानान्तरण में एक पद रिक्त हो गया। वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय एकमात्र शिक्षक के भरोसे चल रहा है। ग्रामीण दुर्गसिंह, समुन्द्रसिंह, दोलत, आसुराम आदि ने बताया कि विद्यालय में शिक्षण कार्य के साथ ही बीएलओ, मिड डे मील, सहित अन्य जिम्मेदारियां भी सौंपी गई है। ऐसे में बच्चों का अध्ययन कार्य बाधित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में जन प्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों को मौखिक व लिखित रूप से कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
जोब फेयर का आयोजन, प्रशिक्षित युवाओं को मिला रोजगार
जैसलमेर. सरकारी विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा (लेवल-4) के बाद जोब उपलब्ध कराने को लेकर बुधवार को जोब फेयर का आयोजन किया गया। जैसलमेर में जैसलमेर सहित तीन जिलों के युवाओं ने जोब फेयर में भाग लिया।
व्यावसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में सत्र 2017-18 में कक्षा 12 (लेवल-4) में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को जोब प्लेसमेंट के लिए बुधवार को जैसलमेर के अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसलमेर में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जोब फेयर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित जोब फेयर के मुख्य अतिथि नगरपरिषद सभापति कविता खत्री थी। अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी मन्नाराम मीणा ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर समन्वयक चिरंजीव गुहा एवं रामाशिप के सहायक निदेशक नरेन्द्र कुमार जैन, राउमावि जैसलमेर के प्रधानाचार्य नवलकिशोर गोयल थे। नरेन्द्र कुमार जैन ने व्यावसायिक शिक्षा संबंधित गतिविधियों पर उपस्थित विद्यार्थियों को जानकारी दी। रमसा के एडीपीसी हरिसिंह गोठवाल ने जोब फेयर के आयोजन के लिए आगंतुकों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान ओमप्रकाश वर्मा, नीम्बूराम, उम्मेदाराम, प्रभुराम, भवानीसिंह सिसोदिया, प्रकाश कुमार, स्वरूपाराम, देवीलाल, बुटाराम आदि उपस्थित थे। संचालन विजय बल्लाणी ने किया।