जैसलमेर

मोहनगढ़ में खुला यह कार्यालय, आमजन की मिली बड़ी राहत

-किसानों के लिए 27 कृषि कनेक्शन के लिए जारी हुए ट्रांसफार्मर -पहली बार सहायक अभियंता कार्यालय में जमा हुए बिजली बिल

2 min read
Oct 26, 2018
मोहनगढ़ में खुला यह कार्यालय, आमजन की मिली बड़ी राहत

मोहनगढ़. कस्बे की सीएडी कॉलोनी में इसी माह से सहायक अभियंता जोधपुर वितरण निगम लिमिटेड के कार्यालय का कामकाज विधिवत रूप से शुरू हो गया, वहीं पहली बार सामान्य श्रेणी के 111 कृषि विद्युत कनेक्शन में से 27 कृषि विद्युत कनेक्शन की स्वीकृति भी जारी की गई। डिस्कॉम जोधपुर के एमडी एमएस यादव ने तत्परता दिखाते हुए बुधवार रात्रि में 12 ट्रांसफॉर्मर तुरंत ही ट्रक लोडिंग करवाकर मोहनगढ़ के लिए भिजवाया गया, जो कि गुरूवार सुबह पांच बजे तक मोहनगढ़ भी पहुंच गए, जहां पर विद्युत निगम के कर्मचारियों द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से कार्यालय परिसर में ट्रांसफॉर्मर उतरवाए गए। सामान्य श्रेणी के किसानों के हाथों हाथ बिजली कनेक्शन संबंधी सामग्री के जारी होने को लेकर किसानों में खुशी देखने को मिल रही है। इस सबंध में किसान नेता मनोहरसिंह नरावत बताते हैं कि बुधवार रात्रि में मेरी डिस्कॉम जोधपुर के एमडी एमएस यादव से बात हुई थी, तब मेरे सामान्य श्रेणी के कृषि कनेक्शन के लिए सामग्री उपलब्ध करवाने की बात कही थी, तब उन्होंने ने रात्रि में सामान्य श्रेणी के 27 कृषि कनेक्शन के लिए मेटेरियल जारी कर दिया था। गुरुवार की सुबह मेटेरियल भी मोहनगढ़ पहुंच गया। सहायक अभियंता राजेष बूरिया बताते हैं कि सामान्य श्रेणी के कृषि कनेक्शन के लिए 111 आवेदन है, जिसमें से 27 का मेटेरियल जारी कर दिया गया। जोधपुर से रात्रि में 12 ट्रांसफॉर्मर एक ट्रक में भर कर मोहनगढ़ के लिए भेज दिए थे। हमने हमारे कार्यालय में रखवा दिए है। बाकी के ट्रांसफार्मर भी लाए जा रहे है। किसानों को शीघ्र की बिजली कनेक्षन उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
पहली बार मोहनगढ़ के कार्यालय में जमा हुए बिजली बिल
मोहनगढ़ कस्बे में विद्युत निगम का सहायक अभियंता का कार्यालय खुलने के बाद पहली बार बिजली के बिल भी जमा हुए। हालांकि बिजली बिल जमा करने के लिए चांधन से विद्युत निगम के टीम पहुंची थी। सहायक अभियंता के कार्यालय में पहली बार बिजली बिल जमा होने से उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी। संभावना जताई जा रही है। अगली बार जब भी बिजली बिल आएंगे, तब मोहनगढ़ के सहायक अभियंता कार्यालय में कभी भी जमा करवाने की सुविधा उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवा दी जाएगी। सहायक अभियंता कार्यालय में बिजली बिल जमा करने के साथ ही बिजली के बिलों में सुधार करने, नए बिजली बिल जारी करने, खराब मीटर को बदलने, नए मीटर जारी करने सहित अन्य कार्य किए गए। मोहनगढ़ के सहायक अभियंता कार्यालय में गुरूवार को बिजली बिलों के जमा होने के दौरान लगभग दस लाख रुपए तक की वसूली हुई। इस दौरान मोहनगढ़ क्षेत्र के तीनों कनिष्ठ अभियंता सुनिल कुमार बैरवा, पुखराज मीणा, कबीरा राम भी मौजूद रहे। सहायक अभियंता प व स जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीन ग्राम पंचायत मोहनगढ़, काणोद, देवा, नेहड़ाई, जवाहर नगर, सुल्ताना का क्षेत्र आएगा। इन ग्राम पंचायतों के उपभोक्ताओं को बिजली समस्या के लिए अब जैसलमेर या चांधरन नहीं जाना पड़ेगा। अब इनकी समस्याओं का समाधान मोहनगढ़ के कार्यालय में ही हो सकेगा।

ये भी पढ़ें

रेतीले तूफान में उड़ गए टेंट, पर्यटकों ने भाग कर बचाई जान
Published on:
26 Oct 2018 12:17 pm
Also Read
View All