जैसलमेर

करवा चौथ पर पुलिस का भावनात्मक दांव,दुपहिया वाहन चालकों को अनोखे अंदाज में दी प्रेरणा

पति-पत्नियों को षपथ दिलाकर हेलमेट पहनने की दी सीख-पुलिस कोतवाली में भामाशाहों के सहयोग से हुआ कार्यक्रम

2 min read
Oct 28, 2018
jaisalmer
करवा चौथ पर पुलिस का भावनात्मक दांव,दुपहिया वाहन चालकों को अनोखे अंदाज में दी प्रेरणा

जैसलमेर. करवा चौथ के मौके पर जिला पुलिस ने हमेशा हेलमेट पहनकर दुपहिया वाहन चलाने की अनोखे अंदाज में प्रेरणा दी। इसके लिए पुलिस कोतवाली में बाकायदा कार्यक्रम का आयोजन कर भामाशाहों के सहयोग से 31 दुपहिया चालकों को हेलमेट प्रदान किए गए। ये हेलमेट चालकों को उनकी पत्नियों ने प्रदान किए। उससे पहले जिला पुलिस अधीक्षक जगदीशचंद्र शर्मा ने पहले पुरुषों और बाद में उनकी पत्नियों को अलग-अलग शपथ दिलाई। पुरुषों को अपनी पत्नी का नाम लेकर उसकी शपथ दिलाई गई कि वह हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएगा और कभी नशा कर वाहन नहीं चलाएगा। ऐसी ही कसम महिलाओं को उनके पति का नाम लेकर दिलाई गई कि वे कभी उन्हें अथवा अपने बालिग बच्चों को बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने देंगी। कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम के मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी तादाद में स्थानीय बाशिंदे मौजूद थे।
बोझ नहीं, आपकी सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक शर्मा ने विचार व्यक्त कर समझाइश की कि वे हेलमेट को बोझ अथवा पुलिस के झंझट से बचने का उपाय नहीं समझते हुए अपनी जान की सुरक्षा का अहम हिस्सा मानें। उन्होंने कहा कि आए दिन होने वाले सडक़ हादसों में कई दुपहिया चालकों की मौत हेलमेट नहीं पहने होने से उनके सिर में गंभीर चोट आने की वजह से होती है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयनारायण मीणा ने लोगों से हेलमेट पहनने को आदत बनाने को कहा। उप अधीक्षक गोपाल शर्मा ने रोचक अंदाज में हेलमेट की अनिवार्यता बताई। साथ ही नशा कर वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिग बच्चों को स्कूटर अथवा बाइक नहीं चलाने देने की अपील अभिभावकों से की। सेफ ड्राइव सेव लाइफ और ग्र्रुप फॉर पीपल ने कार्यक्रम आयोजन में सहयोग दिया। पुलिस अधीक्षक के साथ पुलिस कोतवाल देरावरसिंह, सदर थानाधिकारी कांतासिंह और यातायात प्रभारी कपूराराम भी मौजूद थे।
हेलमेट पहनाकर किया रवाना
कार्यक्रम के मौके पर पुलिस अधिकारियों ने दुपहिया चालकों को उनकी पत्नियों के हाथों से हेलमेट पहनवाया और फिर उन्हें कोतवाली से रवाना किया। वे रैली के रूप में हनुमान चौराहा, ऑफिसर चौराहा और कोतवाली के आगे से निकलते हुए अपने-अपने गंतव्य चले गए। इससे पहले उन्हें सीख दी गई कि वे हेलमेट को केवल टोपी की तरह सिर पर नहीं लगाए, बल्कि उसे कसकर बांधें। इस मौके पर रूपसिंह, जीवनसिंह, गु्रप अध्यक्ष मुकेश गज्जा, राजेंद्रसिंह चौहान, जितेंद्र कुमार खत्री, पार्षद पर्वतसिंह, संजय राहड़, सनोफर अली, जितेंद्रसिंह, गिरधरसिंह आदि उपस्थित थे।

Published on:
28 Oct 2018 11:22 am