जैसलमेर

JAISALMER NEWS: जैसलमेर के इन क्षेत्रो में हुई ऐसी बारिश,लोगों को मिली बड़ी राहत

-पोकरण में हल्की फुहारें, तरसा जैसाण
2 min read
Jun 30, 2018
rain in ekan,falsoond and nachna area of jaisalmer
rain in ekan,falsoond and nachna area of jaisalmer

जैसलमेर. पोकरण क्षेत्र में शुक्रवार को दूसरे दिन भी हल्की बूंदाबांदी होने तथा बादलों के छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिससे लोगों को राहत मिली। गुरुवार को करीब एक घंटे तक हुई बारिश के बाद देर रात तक रुक-रुककर रिमझिम फुहारों का दौर जारी रहा। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई थी तथा उमस का मौसम बना हुआ था। दोपहर एक बजे बाद आसमान में घने काले बादल छा गए तथा मौसम बारिश जैसा हो गया। दोपहर ढाई बजे बाद रिमझिम फुहारों का दौर शुरू हुआ, जो करीब आधे घंटे तक जारी रहा। जिससे कस्बे की सडक़ें तर हो गई।इसके साथ तेज हवाएं चलने से तापमान में खासी गिरावट महसूस की गई।देर शाम तक भी आसमान में बादल छाए हुए थे।
फलसूण्ड. क्षेत्र में शुक्रवार की शाम हुई अच्छी बारिश से मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार को दिनभर की गर्मी व उमस के बाद आसमान में काले घटाटोप बादल छा गए। शाम साढ़े चार बजे बाद तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब आधे घंटे तक जारी रहा। बारिश से छतों से परनाले चलने लगे तथा सडक़ों पर पानी जमा हो गया। आसपास क्षेत्र में बारिश से तालाबों, नाडियों, खड़ीनों, टांकों में पानी की अच्छी आवक हुई। इसके अलावा क्षेत्र के कजोई, पारासर, रावतपुरा, मानासर सहित कई गांवों में भी अच्छी बारिश के समाचार मिले है। (नि.सं.)
नाचना. क्षेत्र में गुरुवार की रात्रि में 20 मिनट तक हुई अच्छी बारिश से मौसम ठण्डा व खुशगवार हो गया। गुरुवार को दोपहर 10 मिनट तक हल्की बारिश के बाद दिनभर रुक-रुककर बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। देर रात तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 20 मिनट तक जारी रहा। बारिश से छतों से परनाले चलने लगे तथा सडक़ों पर पानी जमा हो गया। बारिश से मौसम ठण्डा व खुशगवार हो गया तथा लोगों को गर्मी से राहत मिली। (नि.सं.)
रामदेवरा. गांव में शुक्रवार को दोपहर 10 मिनट तक हल्की बारिश हुई। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। दोपहर दो बजे बाद तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ तथा करीब 10 मिनट तक हल्की बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई तथा लोगों को गर्मी से राहत मिली। देर शाम तक भी अच्छी बारिश नहीं होने से लोगों को निराशा हाथ लगी। इसी प्रकार क्षेत्र के एकां गांव में शनिवार को अपराह्न बाद मूसलाधार बारिश हुई। जिससे तालाबों, नाडियों, खड़ीनों व खेतों में पानी जमा हो गया। शनिवार को अपराह्न तीन बजे तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब 20 मिनट तक हुई तेज मूसलाधार बारिश से छतों से परनाले चलने लगे तथा सडक़ों पर पानी जमा हो गया। रामदेवरा से एकां जाने वाले मार्ग पर निर्मित रपट पर भी तेज प्रवाह से पानी बहा। जिससे यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान रपट के किनारे से निकलने वाले कुछ वाहन भी पलट गए, लेकिन कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर छा गई।
नोख. गांव सहित आसपास क्षेत्र में शुक्रवार को दिनभर गर्मी व उमस का मौसम बना रहा। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे तथा उमस का मौसम रहने से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ।

Published on:
30 Jun 2018 11:10 am