जैसलमेर

रामदेवरा: जर्जर स्कूल मरम्मत पर बजट खर्च, फिर भी गुणवत्ता पर उठे सवाल

रामदेवरा क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय खेतपालजी का थान के कक्षा कक्ष की छत से गत बुधवार रात हुई बरसात में बरसाती पानी टपकने लगा। इस घटना के कारण पूरा कक्षा कक्ष पानी से भर गया। यह स्थिति ऐसे समय में सामने आई है जब सरकार की ओर से जर्जर सरकारी स्कूलों की मरम्मत कर उन्हें मजबूती देने पर भारी भरकम बजट खर्च किया गया था।
2 min read
Apr 09, 2026
Feature image

रामदेवरा क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय खेतपालजी का थान के कक्षा कक्ष की छत से गत बुधवार रात हुई बरसात में बरसाती पानी टपकने लगा। इस घटना के कारण पूरा कक्षा कक्ष पानी से भर गया। यह स्थिति ऐसे समय में सामने आई है जब सरकार की ओर से जर्जर सरकारी स्कूलों की मरम्मत कर उन्हें मजबूती देने पर भारी भरकम बजट खर्च किया गया था। मरम्मत के बावजूद बिना मानसून की पहली बरसात में ही छत से पानी टपकने से कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों की जर्जर स्थिति को ठीक करवाने के दौरान स्ट्रक्चरल सेफ्टी यानी भवन की मजबूती को मुख्य आधार बनाया था।

इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के उन पुराने स्कूलों को नया जीवन देना था जो लंबे समय से बजट के अभाव में उपेक्षित थे, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके बावजूद, मामूली बरसात में ही स्कूल की छत की मरम्मत की मजबूती का पता चल गया। प्रेस विज्ञप्ति में उल्लेख है कि यदि जिम्मेदारों ने मरम्मत कार्य के बाद कार्य की गुणवत्ता जांचने के लिए छत पर पानी डालकर जांच की होती, तो यह स्थिति सामने नहीं आती। मामले पर रामदेवरा के पीईईओ उगम सिंह तंवर ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं मिली है।

फिर भी ऐसा कोई मामला सामने आया है तो पता करके उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा। जानकारों के अनुसार यह तो केवल एक स्कूल का मामला सामने आया है और यह आशंका भी जताई गई है कि यदि जिम्मेदार जांच करें तो अधिकांश स्कूलों की मरम्मत के बाद की स्थिति सामने आ जाएगी। मानसून की बरसात अभी आनी बाकी है।

उत्तर पश्चिम रेलवे चलाएगा जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल ट्रेन

जैसलमेर. उत्तर पश्चिम रेलवे ने गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 19 अप्रेल को एक ट्रिप के लिए संचालित की जाएगी। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार ट्रेन संख्या 04867 जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल रविवार 19 अप्रेल को सुबह 9.30 बजे जोधपुर से रवाना होकर दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04868 रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल उसी दिन दोपहर 2 बजे रामदेवरा से प्रस्थान कर शाम 5:30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 10 कोच होंगे, जिनमें 8 सामान्य श्रेणी के अनारक्षित डिब्बे और 2 एसएलआर कोच शामिल रहेंगे। ट्रेन रास्ते में राईका बाग, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिंवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे यात्रियों को रामदेवरा आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी।

Updated on:
09 Apr 2026 07:44 pm
Published on:
09 Apr 2026 07:44 pm