जैसलमेर

शिव मन्दिरों में उमड़ा आस्था का ज्वार

-जैसलमेर में श्रावण के दूसरे सोमवार को हुए धार्मिक आयोजन
2 min read
Aug 07, 2018
Religious events on the second Monday of Savan in Jaisalmer
शिव मन्दिरों में उमड़ा आस्था का ज्वार

जैसलमेर. शिव मंदिरों में सोमवार को शिव स्तुति से संबंधित भजनों और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन से माहौल भक्तिमय हो गया। जैसलमेर में श्रावण महीने के दूसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवालयों में पहुंचे और मनोकामना पूर्ण होने के लिए पूजा-अर्चना की। शिवालयों में सुबह से ही शिव भक्तों की रेलमपेल शुरू हो गई, जो देर शाम तक बनी रही। भक्तों ने धार्मिक क्रियाकलापों से भगवान शिव को खुश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस दौरान विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। हर-हर महादेव, जय भोले भंडारी, जय शिव ओंकारा, जय भोलेनाथ जैसे जयकारों से शिवालय गूंज उठे। जैसलमेर से पांच किमी दूर शिवमड़ी, गड़ीसर तालाब के समीप मुक्तेश्वर महादेव मंदिर, वरुणेश्वर, रत्नेश्वर महादेव, गज मन्दिर शिव रोड स्थित देवचंद्रेश्वर सहित दर्जनों मंदिरों में दिन-भर दर्शनार्थियों की रेलमपेल बनी रही। बील पत्र से पूजन करने व शिवलिंग को दुग्ध से नहलाने के लिए सैकड़ों भक्त मंदिर पहुंचे। महिलाओं ने सौभाग्यवती रहने व कुंवारी कन्याओं ने योग्य वर की प्राप्ति की कामना की। कई स्थानों पर रुद्रीपाठ व अभिषेक का आयोजन किया गया। मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को देवस्थान विभाग की ओर से सहस्रघट का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक छोटूसिंह भाटी, जिला परिषद सीइओ अनुराग भार्गव, एसडीएम विकास राजपुरोहित, नगर सभापति कविता खत्री, तहसीलदार वीरेन्द्रसिंह आदि उपस्थित थे ।

मोहनगढ़. मोहनगढ़ क्षेत्र में आए शिव मंदिरों में श्रावन के दूसरे सोमवार को भक्तों की काफी भीड़ देखने को मिली। यहां मोहनगढ़ के किले के पास स्थित जबरेश्वर महादेव मंदिर, आरसीपी कॉलोनी स्थित महादेव मंदिर, उपनिवेश्न तहसील स्थित शिव मंदिर, 3 एमजीएम स्थित शिव मंदिर तथा शहीद बीरबल शाखा की 54 आरडी पर स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर में दिन भर महिलाओं व बालिकाओ की भीड़ लगी रही। महिलाओं व बालिकाओं द्वारा शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई, वहीं महिलाओं द्वारा षिव मंदिरों में भजनों की प्रस्तुतियां भी दी गई। कई मंदिरों में महिलाओं व बालिकाओ के साथ साथ विद्यालयी छात्र छात्राओं की भीड़ भी देखने को मिली। सावन के दूसरे सोमवार को महिलाओं व बालिकाओं द्वारा व्रत भी किया गया। षिव मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए सुबह से भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था।

Published on:
07 Aug 2018 11:43 am