
पोकरण. केन्द्र सरकार की ई-फार्मेसी नीति के विरोध में ऑल इण्डिया ओर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर स्थानीय मेडिकल दुकानदारों ने अपनी दुकानेंं बंद रखकर विरोध जताया। गौरतलब है कि सरकार की ओर से ई-फार्मेसी के तहत ऑनलाइन दवा बिक्री को मंजूरी दी गई है। जिससे दवा विक्रेताओं में रोष व्याप्त है। इसी को लेकर एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को देशभर में दुकानें बंद रखकर विरोध करने का आह्वान किया गया। इसी के अंतर्गत कस्बे के सभी मेडिकल दुकानदारों ने दिनभर अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
दवा विक्रेताओं की ओर से शुक्रवार को एक जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष डूंगरदान रतनू के नेतृत्व में डॉ.राजेन्द्रसिंह भाटी, बरकततुल्ला मेहर, श्रवणसिंह शेखावत, परबतसिंह राठौड़, विनोद गहलोत, सुरेश जोशी, रामरतन जोशी, प्रवीण राठी सहित मेडिकल दुकानदारों ने मेडिकल मार्केट से एक जुलूस निकाला। जुलूस जोधपुर रोड, अस्पताल रोड, जयनारायण व्यास सर्किल होते हुए उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां दवा विक्रेताओं ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपखण्ड अधिकारी अनिलकुमार जैन को सुपुर्द कर बताया कि सरकार की ओर से ई-फार्मेसी को मंजूरी दी गई है। जिससे देशभर के दवा व्यापारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री से नशीली व नकली दवाइयों का दुरुपयोग बढेगा। उन्होंने इस मंजूरी को निरस्त करने की मांग की है।
मरीजों को परेशानी
कस्बे में स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्रतिदिन सैंकड़ों मरीज अपने उपचार के लिए आते है। जिन्हें कई दवाइयां अस्पताल में नि:शुल्क दी जाती है, लेकिन कई ऐसी दवाइयां, जो सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध नहीं है, वे चिकित्सक की परामर्श पर बाजार से खरीदनी पड़ती है। शुक्रवार को यहां आए मरीजों को उपचार के बाद दवाइयों को लेकर खासी परेशानी हुई। अस्पताल में कई दवाइयां उपलब्ध नहीं होने पर बाजार से भी दवाइयां नहीं मिली। जिससे मरीज इधर उधर भटकते नजर आए।
रामदेवरा. गांव में मेडिकल दुकानदारों ने शुक्रवार को अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। मेडिकल दुकानदार डूंगरदान, कंवराजसिंह, भोमसिंह, नरपतदान, कुबेरदान, रविन्द्र रतनू ने बताया कि सरकार की ओर से ऑनलाइन दवा बिक्री को मंजूरी दी गई है। जिससे मेडिकल दुकानदारों में रोष व्याप्त है। इसी को लेकर शुक्रवार को दुकानें बंद रखकर विरोध जताया गया।
लाठी. ऑल इण्डिया ओर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर स्थानीय दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। ऑनलाइन दवा बिक्री को सरकार की ओर से मंजूरी देने के बाद दवा विक्रेताओं में रोष व्याप्त है। शुक्रवार को दुकानदारों ने दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। (नि.सं.)
नाचना. गांव में दवा विक्रेताओं ने शुक्रवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। केन्द्र सरकार की ओर से ई-फार्मेसी को मंजूरी देने के बाद मेडिकल दुकानदारों में रोष व्याप्त है। इसी को लेकर शुक्रवार को दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी और ऑनलाइन दवा बिक्री को बंद करने की मांग की। दुकानें बंद रहने से स्थानीय राजकीय अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों को परेशानी हुई।